दुमका । बिरसा मुंडा आउटडोर स्टेडियम में मंगलवार को द्वितीय धर्म सम्मेलन सह सांस्कृतिक कार्यक्रम-2026 का आयोजन होने जा रहा है। संताल संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण को लेकर आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा बैठक दिसोम मांझी थान में दिसोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू के नेतृत्व में संपन्न हुई।
इस सम्मेलन में संताल समाज के जन्म से लेकर मृत्यु तक के तमाम रीति-रिवाजों, परंपराओं और संस्कारों की गहरी जानकारी धर्म गुरुओं द्वारा दी जाएगी। इसके साथ ही, प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे जेपीएससी और जेएसएससी की तैयारी कर रहे युवाओं की मदद के लिए संताली भाषा (पेपर-2) के पाठ्यक्रम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी सत्र आयोजित होंगे।
कार्यक्रम का शेड्यूल बेहद खास है। इसकी शुरुआत सुबह 7 बजे बोंगा बुरु की पूजा से होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे मरांग बुरु भक्तों की एक विशाल रैली निकाली जाएगी। फिर सुबह 10 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक धार्मिक और पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। आयोजन समिति ने बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल और चिकित्सा जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।
मांझी बाबा बीनीलाल टुडू ने बताया कि इस समागम में झारखंड और पड़ोसी राज्यों के अलावा नेपाल तथा बांग्लादेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। उन्होंने सभी आतो मोड़ें होड़, रैयत और देशवासियों से इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी समृद्ध विरासत को बचाने में भागीदार बनने की अपील की है।




