देवघर। श्रम नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव, देवघर विधायक सुरेश पासवान और डीसी विशाल सागर ने आज, 10 जनवरी को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रथ के माध्यम से श्रम विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। श्रमिकों के लिए सुरक्षा किट और सहायता राशि मंत्री संजय प्रसाद यादव ने श्रम विभाग की निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना के तहत श्रमिकों को 1,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की। इसके साथ ही गरीब और जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल भी वितरित किए गए। मौके पर मंत्री ने जिले के प्रवासी श्रमिकों से अपील की कि वे अपना ऑनलाइन निबंधन कराकर ही बाहर कार्य करने जाएं। उन्होंने श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए निबंधन प्रक्रिया को अनिवार्य बताया। श्रमिक प्रज्ञा केंद्र या श्रमाधान पोर्टल के माध्यम से नि:शुल्क निबंधन करा सकते हैं। उक्त मौके पर उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, अपर समाहर्ता हीरा कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार,जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती,श्रम अधीक्षक विनीत कुमार सिंह, गोपनीय शाखा प्रभारी मुकेश कुमार,सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित रहे।


