संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज-साहिबगंज जिले के वन क्षेत्र बरहेट अंतर्गत बिचकानी गांव के समीप अवैध रूप से लकड़ी काटकर परिवहन किए जाने की गुप्त सूचना पर वन विभाग ने शनिवार की रात त्वरित कार्रवाई करते हुए 26 बोटा सेमल लकड़ी लदे एक बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त किया है.गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने शनिवार रात करीब 11 बजे बिचकानी गांव के पास अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक मौके से वाहन छोड़कर फरार हो गया. वनकर्मियों ने मौके से 26 बोटा सेमल लकड़ी समेत बिना नंबर प्लेट के बोलेरो पिकअप वाहन को जब्त कर लिया.वन विभाग द्वारा जब्त वाहन एवं लकड़ी को विभागीय अभिरक्षा में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है. साथ ही अवैध कटाई एवं लकड़ी के अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों की पहचान और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है.यह कार्रवाई प्रधान वन रक्षी अमित कुमार के नेतृत्व में की गई. अभियान के दौरान वनकर्मी शेखर कुमार, भोला कुमार सहित अन्य वनकर्मी मौजूद थे.वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी के अवैध परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.


