दर्जनों अधिकारियों की मौजूदगी में सैकड़ों मजदूर जुटे कटाव निरोधी कार्य में
कई ट्रेनें रद्द, कई को किया गया शार्ट टर्मिनेटेड व डाइवर्ट
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
साहिबगंज- मालदा रेल मंडल के साहिबगंज-बरहरवा रेल खंड के बीच महाराजपुर रेलवे स्टेशन के निकट झुंझरी पुल के पास पोल नंबर 219/32 के समीप गंगा कटाव से रेल ट्रैक को बचाने के लिए रेलवे ने बुधवार की सुबह से युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया. मालदा रेल मंडल के एडीआरएम अमरेंद्र कुमार मौर्या, डीईएन विद्युत मंडल, एईएन वेद व्यास शरण सहित रेलवे के कई अधिकारी यहां कैंप कर रहे हैं. फिलहाल अप लाइन पर ट्रेनों का आवागमन जारी है. हालांकि डाउन ट्रैक को सुरक्षा की दृष्टिकोण से बंद कर दिया गया है. उक्त स्थल पर डाउन ट्रैक पर मालगाड़ी के वैगनों से बोल्डर गिराया जा रहा है. सैकड़ों मजदूर बोल्डर क्रेटिंग के काम में लगे हैं. डाउन ट्रैक से गंगा की धार 13 मीटर तो कहीं 8 या 10 मीटर दूर है. यूटीवी से प्रभावित स्थल पर स्लीपर गिराए जा रहे हैं. वहीं नाव से भी बोल्डर प्रभावित स्थल पर पहुंचाए जा रहे हैं. हाइवा से बोल्डर व डस्ट भी गिराए जा रहे हैं.
कई ट्रेनें रद्द, कई शॉर्ट टर्मिनेटेड व डाइवर्ट
साहिबगंज –कटाव निरोधक कार्य के चलते कई ट्रेन रद्द कर दी गईं. जबकि कई ट्रेन शार्ट टर्मिनेटेड कर दी गई हैं.साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड के टीआई नितिश कुमार ने बताया कि साहिबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर शाम पांच बजे पहुंचने पर साहिबगंज से रामपुरहाट जाने वाली 63406 डाउन मेमू लोकल ट्रेन को कैंसिल कर दिया गया. जबकि 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर व 13410 किउल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस को साहिबगंज तक शार्ट टर्मिनेटेड कर दिया गया.वहीं 13024 गया -हावड़ा एक्सप्रेस एवं 13404 वनांचल एक्सप्रेस दुमका होकर डाइवर्ट कर दिया गया है. 15657 दिल्ली कामख्या एक्सप्रेस व 15744 फरक्का एक्सप्रेस को मुंगेर की ओर से डाइवर्ट किया गया है. वहीं 30 सितंबर की सुबह साहिबगंज से रामपुरहाट जाने वाली 63074 डाउन मेमू व डाउन 13428 साहिबगंज -हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस कैंसिल कर दी गई है. 03030 मोकामा-हावड़ा स्पेशल वाया किउल-झाझा होकर चलेगी.
सुरक्षा के लिए आरपीएफ कर रही कैंप
साहिबगंज –प्रभावित स्थल पर चल रहे कटाव निरोधी कार्य के दौरान रेलवे ने सुरक्षा व्यापक इंतजाम किये हैं. आरपीएफ इंस्पेक्टर गुलाम सरवर अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं.
गंगा पंप नहर की टीम भी पहुंची
साहिबगंज – रेलवे के कटाव निरोधी कार्य को लेकर मौके पर पहुंचे गंगा पंप नहर के कार्यपालक अभियंता प्रेम सोरेन ने बताया कि रेलवे के अनुरोध पर अपनी विभागीय टीम के साथ कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे हैं. यहां रेलवे युद्ध स्तर पर कटाव निरोधी कार्य कर रहा है.किसी प्रकार के सहयोग के लिए विभाग तैयार है.
बोले रेलवे डीईएन मालदा
साहिबगंज -डीईएन विद्युत मंडल ने बताया कि कटाव रोकने के लिए बोल्डर क्रेटिंग कार्य कराया जा रहा है. एहतियाती उपायों के साथ कोशिश की जा रही है कि जोखिम को कम किया जा सके. युद्ध स्तर पर काम चल रहा. समय बताना पाना अभी मुश्किल है.
एडीआरएम मालदा ने कहा…
साहिबगंज -मौके पर पहुंचे मालदा रेल मंडल के एडीआरएम ने बताया कि बोल्डर क्रेटिंग तैयार कर नाव की मदद से प्रभावित स्थल पर डाला जाएगा. स्लीपर का कोण बना कर भी डाला जाएगा. यात्री सुरक्षा सहित ट्रेनों की सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित की जा रही है.


