नई दिल्ली: केंद्रीय रेल तथा सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को पुणे (हडपसर) – जोधपुर एक्सप्रेस और एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – जोधपुर (भगत की कोठी) एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन ट्रेन सेवाओं के शुरू होने से अब महाराष्ट्र, तमिलनाडु और राजस्थान के बीच सीधी रेल यात्रा की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इन ट्रेनों के शुरू होने से तीनों ही राज्यों में व्यापार और वाणिज्य के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज राजस्थान और विशेषकर पश्चिमी राजस्थान को जोडऩे वाली दो ट्रेनों एक महाराष्ट्र से और एक तमिलनाडु से रवाना हो रही हैं। प्रदानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्षों से जो हमारी डिमांड थी, आज उसे पूरी कर दी है। उन्होंने कहा कि जो काम 70 सालों में नहीं हुआ, वो इन 10 वर्षों में केद्र की सरकार ने करके दिखाया है। 1300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्निमाण होने के बारे में कोई सोच नहीं सकता था। ऐसा काम प्रधानमंत्री ने हाथ में लिया। दुनिया में आज ये सबसे बड़ा स्टेशन रीडेवलपमेंट का कार्यक्रम अगर कहीं पर हो रहा है, तो वो भारत में हो रहा है। 34,000 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक बनाए गए हैं, जिसमें डबलिंग, गेज कनवर्जन, तीसरी लाइन, चौथी लाइन शामिल है। ये 34,000 का मतलब है कि जर्मनी जैसे समृद्ध देश का जितना रेल नेटवर्क है, उतना तो केंद्र की मोदी सरकार ने इन 10 वर्षों में जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुंभ की तैयारी हुई वैसे ही नासिक में, उज्जैन में और राजमुंद्री में भी चालू हो चुकी है।






