जामताड़ा। साइबर अपराध के खिलाफ अभियान को धार देने के लिए जामताड़ा पुलिस ने कमर कस ली है। शनिवार को एसपी शम्भु कुमार सिंह ने साइबर अपराध से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

एसपी कार्यालय में आयोजित बैठक में साइबर डीएसपी, थाना प्रभारी और अनुसंधानकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान एसपी ने लंबित मामलों की प्रगति की पड़ताल कर अनुसंधान में तेजी लाने को कहा। उन्होंने साइबर अपराध के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में नियमित छापेमारी, तकनीकी साक्ष्य के वैज्ञानिक संग्रह और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने पर जोर दिया।
साथ ही बैंक और टेलीकॉम कंपनियों से समन्वय बनाकर फर्जी सिम की आपूर्ति करने वालों पर कार्रवाई करने तथा स्कूल-कॉलेजों सहित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया।





