नई दिल्ली । दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के साथ ही दिल्ली में पावर कट लगने शुरू हो चुके हैं। आतिशी ने दावा किया कि दिल्ली के अलग-अलग इलाकों से सैकड़ों लोगों ने बिजली जाने की शिकायत की है और उन्हें इनवर्टर खरीदकर लाना पड़ रहा है। आतिशी ने कहा कि तीन दिन में ही लोगों को अपनी गलती का अहसास होने लगा है।
आतिशी ने कुछ कागज दिखाकर दावा किया लोग अपने इलाकों में बिजली कटने की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन दिन में पावर सेक्टर का 24 घंटे बिजली का ध्वस्त होना दिखाता है कि आम आदमी पार्टी की सरकार हर दिन, एक एक घंटे पर पूरे बिजली सेक्टर को मॉनिटर कर रही थी। यह दिखाता है कि जैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार हटी है, पूरा पावर सेक्टर ध्वस्त हो गया है। मुझे अलग अलग हिस्सों से कॉल आ रहे हैं।
आतिशी ने कहा, कई लोगों ने कॉल करके कहा कि तीन दिन में ही हमें अहसास हो गया कि शायद चुनाव में हमसे गलती हुई। आम आदमी पार्टी के जाते ही साफ हो गया है कि भाजपा से सरकार नहीं चलती है। आज सुबह किसी ने मुझसे कहा कि आज हम इनवर्टर ले आए, लेकिन यदि फरवरी में इतने लंबे कट लग रहे हैं तो मई, जून, जुलाई में क्या होगा, जब साढ़े 8 हजार मेगावॉट से आगे पीक डिमांड जाएगी। भाजपा को सरकार चलानी नहीं आती।
आतिशी ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि भाजपा चुनाव जीतने के बाद दिल्ली को यूपी बना रही है। जिस तरह यूपी में बिजली जाती थी दिल्ली का भी तीन दिन में वही हाल हो गया। शायद यही दिखाता है कि पढ़े लिखे लोगों की सरकार, जहां अरविंद केजरीवाल इंजीनियर हैं, उन्हें पावर सेक्टर चालाना आता है और दूसरी तरफ बिना-पढ़े लिखे, फर्जी डिग्रीवालों की सरकार।






