गोड्डा : गणतंत्र दिवस पर गोड्डा में लगने वाले ऐतिहासिक मेला को लेकर बुधवार को डाक बंदोबस्ती किया गया। नगर परिषद के सभागार में निर्धारित समय पर हुए डाक बंदोबस्ती में राजेश कुमार साह ने सर्वाधिक 36 लाख 81 हजार की बोली लगाकर मेला का डाक अपने नाम किया। पिछले वर्ष गोड्डा मेला का डाक 36, 50,000 में हुआ था। मेला के अलावा मेला मैदान के सामने पार्किंग स्थल का भी डाक कराया गया। जहां मोहम्मद अजीजुल्लाह ने सर्वाधिक 2,36,000 की बोली लगाकर पार्किंग स्थल का डाक अपने नाम किया। पिछले वर्ष पार्किंग स्थल की बोली 2 लाख 18 हजार में तय हुई थी। इस संदर्भ में कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने बताया की मेला डाक के लिए कल 9 प्रपत्र की खरीदारी हुई थी। लेकिन 6 व्यक्तियों द्वारा सही कागजात जमा नहीं करने के कारण डाक में सिर्फ तीन लोग ही भाग ले सके। जहां तीन राउंड में डाक की बोली लगी और अंततः राजेश कुमार साह ने 36 लाख 81 हजार की बोली लगाकर मेला अपने नाम किया। वहीं पार्किंग स्थल पर मोहम्मद अजीजुल्लाह ने 2 लाख 36 हजार की बोली में पार्किंग स्थल का डाक लिया।
पूर्व मेला ठेकेदार ने डाक में लगाया अनियमितता का आरोप
पिछले 15 वर्षों से लगातार मेल डाक लेने वाले पूर्व ठेकेदार रविंद्र पांडे ने डाक बंदोबस्ती में अनियमितता करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि उन्हें बोली लगाने नहीं दी गई। और नगर परिषद ने डाक लगाने वालों के पक्ष में काम किया। कहा कि एक दिन पहले नियम को बदला गया। साथ ही एक ही परिवार के लोग डाक में थे शामिल। कहा की वे इसके खिलाफ उपायुक्त को ज्ञापन देंगे। इसके साथ ही इसकी शिकायत विजिलेंस से भी करेंगे और उच्च न्यायालय भी जाएंगे।
क्या कहते हैं पदाधिकारी
इस संदर्भ में कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार का कहना है की पूर्व ठेकेदार ने डाक के लिए मांगी गई कागजात पूरे नहीं किए थे। उनके द्वारा आयकर रिटर्न की कॉपी डाक में नहीं लगाई गई थी। मेला डाक प्रारंभ होने के पश्चात वे आयकर रिटर्न की कॉफी हाथों हाथ से जमा कर रहे थे। जिस पर बोर्ड कमेटी ने आपत्ति जताई थी। कागज सही तरीके से उपलब्ध नहीं करने को लेकर उन्हें डाक की बोली से अलग किया गया था। पदाधिकारी ने बताया कि मेला डाक पूरी तरह नियम संगत तरीके से कराया गया है। इसमें कहीं किसी प्रकार की कोई अनियमितता नहीं बरती गई है।


