मिहिजाम : प्रथम झारखंड राज्य अंडर-18 कबड्डी चैंपियनशिप 2025 में भाग लेने के लिए जामताड़ा जिले से बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों का चयन मंगलवार को किया गया। यह चयन सेंट एंथोनी स्कूल परिसर स्थित मेजर ध्यानचंद प्लेग्राउंड में आयोजित चयन व प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से संपन्न हुआ। चयन समिति के अध्यक्ष डॉ. डी.डी. भंडारी की देखरेख में कुल 32 खिलाड़ियों 16 बालक और 16 बालिकाओं ने ट्रायल में हिस्सा लिया। प्रदर्शन के आधार पर इनमें से 12-12 खिलाड़ियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया, जो 14 और 15 जून को बोकारो में आयोजित होगी। चयन प्रक्रिया के दौरान खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियां उपस्थित रहीं। जामताड़ा कबड्डी संघ के सचिव रोहित कुमार, कोषाध्यक्ष मनीष वर्णवाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं ओम प्रकाश एकेडमी के हेड कोच राज कमल सिंह, प्रशिक्षक रोहित ओझा और संघ अध्यक्ष मीरा मिश्रा ने ट्रायल प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए खिलाड़ियों को आवश्यक सुझाव दिए। चयनित खिलाड़ियों के लिए विशेष अभ्यास सत्र का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि वे राज्य प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। खिलाड़ियों में चयन को लेकर काफी उत्साह देखा गया। आयोजकों का मानना है कि इससे जिले में खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


