देवघर। शुक्रवार सुबह नगर थाना क्षेत्र के जून पोखर मोहल्ले में एक व्यक्ति के घर के सामने प्रतिबंधित मांस रखने के आरोप को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया, जिसने पूरा मोहल्ला तनावपूर्ण स्थिति में ला दिया। इस घटना की जानकारी जैसे ही मोहल्ले के लोगों को हुई, सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामला बढ़ने के साथ दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ने लगा, जिसके कारण पुलिस को मौके पर पहुंचने के लिए मजबूर होना पड़ा। मौके पर पहुंचे नगर थाना प्रभारी ने भीड़ को शांत करने के प्रयास किए, लेकिन उग्र भीड़ ने उनकी बातों को नजरअंदाज किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद की। पुलिस के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन स्थिति और अधिक उग्र हो गई। इसके बाद, मामले की गंभीरता को देखते हुए, नगर थाना प्रभारी ने देवघर पुलिस अधीक्षक अजीत पीटर डुंगडुंग को सूचित किया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर, जैप 5 के जवानों को घटनास्थल पर भेजा गया। इसके बाद, पूरे मोहल्ले को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। हर गली और चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। प्रशासन ने स्थिति को काबू करने के लिए अधिक से अधिक पुलिस बल की तैनाती की और पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया।वही सूचना मिलते ही सदर एसडीओ रवि कुमार,एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर दोषी पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं उक्त मामले में भाजपा नेता अभय आनंद झा ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जाँच हो फोरेंसिक जाँच कराया जाय और दोषियों पर कठोर कार्यवाही हो।
वहीं भाजपा के सचिन सुल्तानिया ने कहा कि आज जिस प्रकार बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर के जून पोखर मोहल्ले में प्रतिबंधित जानवर की हड्डी को फेंका गया जिस प्रकार हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाया गया वह काफी दुख का विषय है चुनाव के हुए एक महीना भी नहीं बिता इससे सब पता चल रहा है कि लोगों का मनोबल कितना बड़ा हुआ है। दोषियों को अभिलंब गिरफ्तार किया जाए जब से झारखंड में यह सरकार बनी है आज असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा हुआ है अगर प्रशासन ऐसी घटना करने वाले लोग को गिरफ्तार कर अभिलंब कड़ी से कड़ी सजा अगर नहीं देती है तो हम लोग सड़क से लेकर रांची विधानसभा तक जोरदार आंदोलन करेंगे।
भाजपा नेत्री विजया सिंह ने कहा कि आज जिस प्रकार हिंदू के आस्थाओं को ठेस पहुंचाया गया यह काफी चिंताजनक विषय है सरकार बने एक महीना भी नहीं हुआ इससे साफ पता चल रहा है असामाजिक तत्वों का मनोबल कितना मनोबल बढ़ा हुआ है। दोषियों को अभिलंब गिरफ्तार किया जाय।

मामले की हो रही जांच: एसडीएम
अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने कहा कि तीन-चार दिनों पहले टोटो वाले के साथ विवाद हुआ था। यहां दोनों समुदाय के लोग रहते है। आज सुबह लोगों ने प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा फेंके जाने का आरोप लगाया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। इसमें अभी तक किसी का नाम सामने नहीं आया है। सभी साक्ष्य को खंगाला जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। यहां केवल हड्डी पाया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।



