सीएम अब्दुल्ला ने जताया दुख, भारत ने भी की पाकिस्तान की कई चौकियां नष्ट
श्रीनगर । भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ता ही जा रह है। इसी बीच शनिवार सुबह श्रीनगर और आस-पास के इलाकों में पाकिस्तान से भारतीय जवानों की मुठभेड़ जारी रही। राजौरी, पुंछ और जम्मू जिलों में शनिवार सुबह पाकिस्तानी गोलाबारी में एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राजकुमार थापा और उनके दो कर्मचारी राजौरी शहर में उनके सरकारी आवास पर एक तोप का गोला गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां राजकुमार थापा ने दम तोड़ दिया।
मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि शुक्रवार को ही वह डिप्टी सीएम के साथ जिले में घूम रहे थे और ऑनलाइन बैठक में शामिल हुए थे। शनिवार को अधिकारी के आवास पर पाकिस्तान ने गोलाबारी की, जिसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राजकुमार थप्पा की मौत हो गई। वहीं सीएम उमर अब्दुल्ला ने इस भयानक जान-माल के नुकसान पर दुख जताते हुए कहा कि इस सदमे को व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। ईश्वर राजकुमार थापा की आत्मा को शांति दें और उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति दें।
बता दें पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मिसाइल हमला किया। जम्मू एयर बेस, पठानकोट एयर बेस, श्रीनगर, ब्यास और उधमपुर पर फतेह-1 मिसाइल दागी गई। इन इलाकों में जोरदार धमाके सुनाई दिए। बीती रात अधिकारियों के मुताबिक एयरपोर्ट समेत कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के पास धमाके सुनाई दिए। जैसे ही धमाके सुने गए, शहर में सायरन बजने लगा। अधिकारियों ने बताया कि शहर और घाटी के ज्यादातर हिस्सों में बिजली बंद कर दी गई है। पाकिस्तान ड्रोन हमलों के साथ ही नौशहरा, पुंछ और कुपवाड़ा में एलओसी पर मोर्टार और गनों से रियासशी इलाकों को निशाना बना रहा है। भारतीय सेना इसका करारा जवाब दे रही है और पाकिस्तान से आने वाली हर मिसाइल को हवा में ही मार गिरा रही है।
भारत की और से जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई चौकियां नष्ट हो गई हैं। पाकिस्तानी हमले में एक भारतीय सैनिक शहीद हुआ है और पुंछ व आरएसपुरा में दो लोगों की मौत हुई है। पाकिस्तान सेना ने गुरुवार रात राजौरी, पुंछ, उरी, कुपवाड़ा व बारामुला सेक्टरों में मोर्टार और तोपों से गोले बरसाए जो शुक्रवार सुबह तक जारी थे।






