श्रीनगर । पाकिस्तान की ओर से लगातार 11वें दिन संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए सीमा पर गोलीबारी की गई है। शनिवार देर रात और रविवार को पुंछ जिले समेत कुपवाड़ा, बारामुल्ला, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास पाकिस्तानी सेना ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। भारतीय सेना ने इस उकसावे का मुंहतोड़ जवाब दिया और हल्के हथियारों से जवाबी कार्रवाई जारी रखी।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, 4-5 मई की रात पुंछ सेक्टर में फायरिंग सबसे ज्यादा तीव्र थी। हालांकि इसमें किसी जान-माल की हानि की सूचना नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और कई गांववाले सुरक्षित स्थानों पर शरण ले रहे हैं। इससे पहले 30 अप्रैल और 1 मई की रात भी पाकिस्तान ने कुपवाड़ा, उरी और अखनूर क्षेत्रों में गोलीबारी की थी। भारत ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए हॉटलाइन पर पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों को चेतावनी दी थी, लेकिन बावजूद इसके 3-4 मई की रात फिर से कई क्षेत्रों में फायरिंग की गई।
इससे पहले तक यह उल्लंघन केवल एलओसी तक सीमित था, लेकिन अब जम्मू के परगवाल सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर भी फायरिंग की खबरें सामने आई हैं, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं। जानकारों की मानें तो पाकिस्तान, हालिया पहलगाम आतंकी हमले और भारत की ओर से संभावित सख्त कार्रवाई की आशंका के चलते, एलओसी पर तनाव बढ़ा रहा है। भारतीय सेना ने फिलहाल सभी मोर्चों पर सतर्कता बढ़ा दी है और सीमा पर चौकसी कड़ी कर दी गई है।






