मंत्री संजय यादव के मां के श्राद्ध कर्म से लौट रहे पत्रकारों को सड़क पर पीटा, थाने में बनाया बंधक
पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर भड़के बाबूलाल मरांडी, हंसडीहा थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
दुमका। जिले से लोकतंत्र को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ चौथे स्तंभ पर ही कथित रूप से पुलिसिया कहर टूट पड़ा। हंसडीहा थाना क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकारों के साथ हुई कथित बर्बरता ने न सिर्फ जिले बल्कि पूरे राज्य के मीडिया जगत में आक्रोश की लहर दौड़ा दी है। पीड़ित पत्रकार आज तक के मृत्युंजय पांडेय और न्यूज़18 नितेश वर्मा ने आरोप लगाया है कि मंत्री संजय प्रसाद यादव के मां के श्राद्ध कर्म से लौटते वक्त उन्हें हंसडीहा चौक पर भारी जाम लगा हुआ था। जाम का कारण जानने का प्रयास किया तो वहां एक शख्स विफर गये। पहचान बताने और पत्रकार होने की जानकारी देने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बदसलूकी की और मारपीट शुरू कर दी।
—

जाम पूछना पड़ा भारी
घटना 27 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे की है। हंसडीहा चौक पर भारी जाम लगा हुआ था। जब पत्रकारों ने जाम का कारण जानने का प्रयास किया, तो पुलिसकर्मियों ने आपा खो दिया। आरोप है कि थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने धक्का-मुक्की करते हुए दोनों पत्रकारों की पिटाई की।
—
थाने में बंधक बनाकर प्रताड़ना का आरोप
मामला यहीं नहीं रुका। पत्रकार जब हंसडीहा थाना भाग कर गया तो वहां मामला ही अलग हो गया, पुलिस ने वहाँ एक कमरे में बंद कर घंटों बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि इस दौरान उन्हें गालियां दी गईं, धमकाया गया और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। पहचान उजागर करने के बावजूद पुलिस का रवैया और अधिक आक्रामक होता गया।
—
*एसपी के हस्तक्षेप से खुला थाने का ताला*
घटना की जानकारी मिलते ही मामला तूल पकड़ने लगा। तीन थानों की पुलिस फोर्स और जरमुंडी डीएसपी मौके पर पहुंचे। अंततः एसपी पीतांबर सिंह खेरवार के हस्तक्षेप के बाद पत्रकारों को थाने से मुक्त कराया गया। इसके बाद जिले भर के पत्रकारों में भारी रोष फैल गया।
—
पत्रकार संगठनों का आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के विरोध में विभिन्न पत्रकार संगठनों ने एसपी को लिखित शिकायत सौंपी है। दोषी थाना प्रभारी और पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की गई है। पत्रकारों ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो जिला से लेकर राज्य स्तर तक आंदोलन किया जाएगा।
—
प्रशासन पर गंभीर सवाल
यह घटना पुलिस की कार्यशैली और पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या थाने अब सुरक्षित नहीं रहे?क्या सच दिखाने की कीमत अब मारपीट और बंधक बनना है? फिलहाल एसपी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है, लेकिन सवाल अब भी कायम है कि जब सच दिखाने वालों के साथ ऐसा व्यवहार होगा, तो आम जनता खुद को कितना सुरक्षित महसूस करेगी?
—
पत्रकारों से दुर्व्यवहार पर भड़के बाबूलाल मरांडी, हंसडीहा थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र में वरिष्ठ पत्रकारों के साथ हुई बदसलूकी पर कड़ा आक्रोश जताया है। रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ के माध्यम से उन्होंने इस घटना की तीव्र निंदा की।
बाबूलाल मरांडी ने बताया कि हंसडीहा थाना प्रभारी द्वारा वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय पांडेय और नितेश वर्मा के साथ किया गया दुर्व्यवहार अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने कहा, “पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं। उनके साथ इस प्रकार का अपमानजनक व्यवहार न केवल उनके सम्मान को ठेस पहुँचाता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को भी कलंकित करता है।”



