मधुपुर । झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति और आपदा प्रबंधन मंत्री तथा जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी शुक्रवार को अपने मधुपुर स्थित खलासी मोहल्ला के पैतृक आवास पर पहुंचे। वहां से जामताड़ा के लिए रवाना होते समय उन्होंने कुंडो बंगला मोड़ पर अपने पुराने मित्रों के साथ मुलाकात की। पुरानी यादों को ताजा करते हुए उन्होंने कहा, “बीते पलों की बातों में जो सुकून है, वो किसी और चीज में नहीं।” मंत्री इरफान अंसारी ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए बड़े जोश के साथ घोषणा की, “खरमास के बाद झारखंड में ऑपरेशन इरफान शुरू होगा।” उन्होंने बताया कि झारखंड के सरकारी और निजी अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “जहां भी अव्यवस्थाएं मिलेंगी, वहां तत्काल सख्त कार्रवाई होगी।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में व्यापक बदलाव का वादा करते हुए कहा, अब आयुष्मान योजना में केवल वे अस्पताल जुड़े रहेंगे, जिनकी क्षमता 50 बेड या उससे अधिक होगी। फर्जीवाड़े पर अब पूरी तरह रोक लगेगी।” खाद्य आपूर्ति विभाग को लेकर उन्होंने आश्वासन दिया कि नई नीतियों से किसानों को अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही, आपदा प्रबंधन विभाग पर बोलते हुए उन्होंने कहा, “फंड की कमी झारखंड में बड़ी समस्या है। मैं दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्री और अधिकारियों से अधिक फंड की मांग करूंगा ताकि आपदा के समय पीडि़तों को बेहतर मुआवजा मिल सके।”मंत्री इरफान अंसारी के इस कार्यक्रम में सुभाष सिंह, छोटू यादव, कन्हैयालाल कन्नू, अरूप गांगुली और प्रिंस समद सहित दर्जनों लोग मौजूद थे। यह बयान मंत्री इरफान अंसारी की झारखंड के लिए सुधार और क्रांतिकारी कदमों का संकेत देता है, जिससे राज्य के लोग एक बेहतर स्वास्थ्य, आपूर्ति और आपदा प्रबंधन प्रणाली की उम्मीद कर सकते हैं।


