कोटा । कैथून कस्बे में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 5 लाख रुपये के ऑनलाइन गेमिंग कर्ज में डूबे एक युवक ने अपनी पत्नी के साथ खुदकुशी कर ली। दोनों के शव कमरे में पंखे से लटके मिले, जबकि पांच साल की मासूम बेटी कमरे में मौजूद थी और उसी ने दरवाजा खोलकर परिजनों को भीतर का मंजर दिखाया।
मृतकों की पहचान दीपक राठौर और उनकी पत्नी राजेश राठौर के रूप में हुई है। पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दीपक ने आत्महत्या से एक दिन पहले अपनी साली को फोन कर बताया था कि वह ऑनलाइन सट्टे के गेम में 4 से 5 लाख रुपये हार चुका है और अब उसके पास मरने के सिवा कोई रास्ता नहीं बचा। साली ने उसे समझाने की कोशिश की और पैसों का इंतजाम कराने का आश्वासन भी दिया, लेकिन अगले ही दिन दुखद घटना की खबर आ गई।
मृतक दीपक के पिता सत्यनारायण राठौर का कहना था, कि उनका इकलौता बेटा था और उसके साथ पत्नी और बेटी रहते थे। रविवार रात सबने साथ खाना खाया और सामान्य रूप से सोने चले गए। सुबह जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने खटखटाया। आवाज देने पर कोई जवाब नहीं आया, लेकिन कुछ देर बाद मासूम पोती ने दरवाजा खोला। भीतर का दृश्य देख सबके होश उड़ गए।
थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि दोनों ने बाजार से रस्सी खरीदकर उसी से फंदा बनाया था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन फोन कॉल की बातचीत से मामला स्पष्ट हो रहा है। पत्नी राजेश के पिता प्रेम शंकर ने बताया कि दीपक पहले आरसीसी का काम करता था, बाद में दामाद को फैक्ट्री में काम दिलवाया गया था। यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर रही है कि कैसे ऑनलाइन सट्टा और कर्ज का जाल आम लोगों की ज़िंदगी तबाह कर रहा है। मामले की जांच जारी है।






