दुमका: बेखौफ अपराधियों ने गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। रामगढ़ थाना क्षेत्र के पथरिया के पास बदमाशों ने तातलोई मेला देखकर लौट रहे दो किशोरों और एक किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में लखींद्र नामक किशोर की जान चली गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हैं।
———-
छेड़खानी का विरोध करने पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों पीड़ित एक ही बाइक पर सवार होकर तातलोई मेला से वापस लौट रहे थे। तभी पथरिया के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया। अपराधियों ने साथ चल रही किशोरी के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जब लखींद्र और डेविड ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर चाकू से हमला बोल दिया।
—————
अस्पताल में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद आनन-फानन में घायलों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद लखींद्र को मृत घोषित कर दिया। घायल डेविड और किशोरी का उपचार जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
———
छापेमारी जारी
वारदात की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सघन छापेमारी शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे रामगढ़ थाना क्षेत्र में दहशत का माहौल है।


