विद्यार्थियों को राज्यपाल का संदेश, सफेद कोट मानवता की सेवा की शपथ
देवघर। मंगलवार 16 सितंबर 2025 को एम्स देवघर की छठी वर्षगांठ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और पूरे एम्स परिवार को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर केवल एक संस्थान का वार्षिकोत्सव नहीं है, बल्कि सेवा, समर्पण और संकल्प की उस यात्रा का उत्सव है, जिसने स्वास्थ्य और आशा की नई किरण जगाई है। राज्यपाल ने कहा कि 31 जुलाई 2025 को एम्स देवघर ने अपना पहला दीक्षांत समारोह आयोजित किया था, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की गरिमामयी उपस्थिति रही। वह क्षण केवल डिग्री प्राप्ति का अवसर नहीं था, बल्कि सेवा का संकल्प लेने का क्षण भी था। उन्होंने कहा कि 270 एकड़ में फैला यह आधुनिक परिसर 750 बेड वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल है, जहाँ अत्याधुनिक डायग्नॉस्टिक सुविधाएँ, शोध केंद्र और उत्कृष्ट संकाय उपलब्ध हैं। यहाँ न केवल झारखंड बल्कि बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्यों से भी मरीज बड़ी संख्या में उपचार के लिए आते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि किसी भी चिकित्सक का दायित्व केवल रोग का उपचार करना नहीं है, बल्कि मरीज के मन में स्वस्थ होने की आशा जगाना भी है। एक डॉक्टर की मधुर वाणी, धैर्य और स्नेह अक्सर सबसे बड़ी औषधि सिद्ध होती है। अस्पताल केवल इलाज का स्थान नहीं, बल्कि मानवता और करुणा का मंदिर होना चाहिए। उन्होंने इस आदर्श को आत्मसात करने का आह्वान किया।।अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह संकल्प है कि देश का कोई भी नागरिक आर्थिक या भौगोलिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे। प्रधानमंत्री स्वास्थ्य संरक्षण योजना के तहत स्थापित यह एम्स उनके सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को साकार कर रहा है। विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में एम्स देवघर जैसे संस्थानों की अग्रणी भूमिका रहेगी।
उन्होंने आँकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि ओपीडी सेवाओं की शुरुआत से अब तक सात लाख से अधिक मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। यहाँ स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, उन्नत भारत अभियान के तहत गाँवों को गोद लेना और जन औषधि केंद्रों का संचालन जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एम्स देवघर केवल एक अस्पताल नहीं बल्कि समाज का सच्चा साथी है। भविष्य में इसका विस्तार और अधिक व्यापक स्तर पर होगा और शीघ्र ही यह देश के नामचीन चिकित्सा संस्थानों की श्रेणी में गिना जाएगा।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफेद कोट केवल एक परिधान नहीं बल्कि मानवता की सेवा, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ है। आने वाले समय में उनके ज्ञान और कौशल से असंख्य जीवन जुड़ेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यहाँ से निकलने वाले चिकित्सक और शोधकर्ता सम्पूर्ण मानवता को स्वस्थ और सुखी बनाने में अहम योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने एम्स परिवार को षष्ठम वार्षिकोत्सव पर हार्दिक बधाई दी और निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर सांसद गोड्डा निशिकांत दुबे ने भी संबोधित किया और एम्स की उपलब्धियों को रेखांकित किया, जबकि एम्स निदेशक ने स्वागत भाषण के साथ संस्था की रूपरेखा प्रस्तुत की।




