दो सगे भाई हिरासत में, आयकर और जीएसटी विभाग को दी गई सूचना
प्रयागराज । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बरईपुर रामनगर गांव में एक मकान के बरामदे की खुदाई के दौरान जमीन के नीचे दबाकर रखे गए तीन ड्रमों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। ड्रमों में पॉलिथीन में लपेटकर नोटों के बंडल रखे गए थे। शुरुआती अनुमान में बरामद की गई रकम करोड़ों में हो सकती है, हालांकि नकदी की आधिकारिक गिनती पूरी होने तक वास्तविक राशि स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों राकेश यादव और राजेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
यह मामला प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के गंगानगर जोन के नवाबगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में बड़ी मात्रा में नकदी छिपाकर रखी गई है। इसके बाद नवाबगंज और सोरांव थाने की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एसीपी सोरांव श्यामजी और एसीपी फूलपुर राजकुमार सिंह की मौजूदगी में मकान के बरामदे की खुदाई कराई गई। इसी दौरान जमीन में गड़े तीन ड्रम मिले, जिनमें नोटों के बंडल भरे हुए थे। बरामद नोटों में ज्यादातर 500 रुपये के होने की बात कही जा रही है।
मालखाने में सुरक्षित रखवाई गई नकदी
पुलिस ने बरामद रकम को कब्जे में लेकर नवाबगंज थाने के मालखाने में सुरक्षित जमा करा दिया है। मकान को सुरक्षा घेरे में रखा गया है। मौके पर थाना प्रभारी पंकज अवस्थी समेत पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस अधिकारी नकदी की गिनती कराने के साथ यह पता लगाने में जुटे हैं कि रकम कहां से आई और उसे जमीन के नीचे छिपाकर क्यों रखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग, जीएसटी विभाग और खुफिया एजेंसियों को भी सूचना दी गई है। इन एजेंसियों की मदद से नकदी के स्रोत और उसकी वैधता की जांच की जाएगी।


