झारखंड की शिक्षण उत्कृष्टता को मिली राष्ट्रीय पहचान
शेखर सुमन
देवघर। शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान के लिए देवघर की शिक्षिका श्वेता शर्मा को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 प्रदान किया गया। 5 सितंबर 2025 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए पूरे देश से 45 शिक्षकों का चयन हुआ, जिसमें झारखंड से एकमात्र श्वेता शर्मा शामिल हैं। इस पुरस्कार के तहत उन्हें 50,000 रुपये की नकद राशि, रजत पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। चयन प्रक्रिया में श्वेता ने सात मिनट की प्रस्तुति में अपनी शिक्षण शैली और नवाचारों को जूरी के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जूरी ने उनकी प्राथमिक कक्षाओं में खेल-आधारित शिक्षण और अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करने की क्षमता की विशेष सराहना की।
श्वेता शिक्षकों को अपने पेशे के प्रति ईमानदार और समर्पित रहने पर जोर देती हैं। उनका मानना है कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवन के लिए तैयार करने का माध्यम है। देवघर के विवेकानंद राजकीय मध्य विद्यालय में कार्यरत श्वेता शर्मा ने अपनी अनूठी शिक्षण शैली से न केवल बच्चों का दिल जीता बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाई। 21 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय श्वेता ने अपनी रचनात्मक विधि ‘अबुआ जादुई पिटारा’ के जरिए बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने का नया आयाम स्थापित किया। इस पिटारे में सोहराई चित्रकला, पारंपरिक वाद्ययंत्र और स्थानीय संस्कृति से जुड़े तत्व शामिल हैं, जो बच्चों को उनकी जड़ों से जोड़ते हुए पढ़ाई को रोचक बनाते हैं। उक्त विद्यालय की छात्रा रिया कुमारी बताती हैं कि मैडम की क्लास में समय का पता ही नहीं चलता। वे बच्चों को गीत, नृत्य और कहानियों के माध्यम से पढ़ाती हैं, जिससे पढ़ाई बोझ नहीं बल्कि मजेदार लगती है। वहीं छात्र सूरज महतो कहते हैं कि श्वेता मैडम हमें किताबों से ज्यादा असल जिंदगी से जोड़कर पढ़ाती हैं। उनकी वजह से स्कूल आने का मन करता है। श्वेता की यह खासियत है कि वे बच्चों को बोरियत से दूर रखते हुए शिक्षा को मनोरंजक बनाती हैं। देवघर के जिला शिक्षा पदाधिकारी विनोद कुमार ने श्वेता की उपलब्धि को पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि श्वेता की शिक्षण तकनीकों को जिले के अन्य शिक्षकों तक पहुंचाने के लिए जल्द ही एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कदम शिक्षा के स्तर को और बेहतर करने में सहायक होगा।




