देवघर : पालाजोरी के दुधानी गांव निवासी 35 वर्षीय मेराज अंसारी की संदिग्ध पुलिस हिरासत में मौत के मामले में झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने स्वत: संज्ञान लिया है। शुक्रवार को आयोग की पांच सदस्यीय टीम मृतक के गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। जांच टीम में आयोग के उपाध्यक्ष, प्राणेश सॉलोमन, ज्योति सिंह मथारू, सदस्य इकरारूल हसन, सबिता टूडू और कारी बरकत अली शामिल थे। टीम ने गांव में लोगों से मुलाकात के बाद देवघर परिसदन में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की स्थिति की समीक्षा की। पत्रकारों से बातचीत में उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू ने पुष्टि की कि मेराज अंसारी
की मौत पुलिस हिरासत में हुई है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मौत के कारणों को लेकर स्थिति अब तक स्पष्ट नहीं है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पालाजोरी, सारठ और साइबर थाने की पुलिस की भूमिका इस पूरे मामले में संदिग्ध प्रतीत हो रही है और इस बिंदु पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोग ने संकेत दिए हैं कि मामले में गहराई से जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाएगी। इस बीच, मृतक के परिजन और ग्रामीण न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं और दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पालोजोरी कांड में कार्रवाई तेज: सारठ और पालोजोरी थाना प्रभारी निलंबित
देवघर। पालोजोरी थाना क्षेत्र में हुई मेराज अंसारी की संदिग्ध पुलिस हिरासत में मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस गंभीर प्रकरण में दुमका के पुलिस उपमहानिरीक्षक अम्बर लकड़ा ने सारठ और पालोजोरी के थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बता दें कि मृतक मिराज अंसारी की मौत के बाद लगातार प्रशासनिक जवाबदेही और न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन और विरोध तेज हो गया था।
सारठ के पूर्व विधायक ने मिराज के परिजनों को नौकरी व 50 लाख मुआवज़े की माँग की
पालाजोरी कांड में पुलिस हिरासत में मारे गए मिराज अंसारी के परिजनों से सारठ के पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह ने मुलाकात की और गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद और अमानवीय बताते हुए राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवज़ा और सहायता देने की माँग की है। पूर्व विधायक ने कहा, मैं आज मिराज अंसारी के परिजनों से मिला। इस दुःख की घड़ी में मैं उनके साथ खड़ा हूँ। मैंने सरकार से मांग की है कि मृतक के एक परिजन को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये का मुआवज़ा दिया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों पर सख़्त कार्रवाई की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएँ लोकतांत्रिक और न्यायिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और सरकार को चाहिए कि वह दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाए ताकि आम जनता का भरोसा कायम रह सके। गौरतलब है कि मिराज अंसारी की मौत को लेकर पूरे झारखंड में आक्रोश है और सरकार पर तेजी से कार्रवाई करने का दबाव बन रहा है।
—————————————————————–
मेराज अंसारी को मिलेगा इंसाफ, दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा : स्वास्थ्य मंत्री
देवघर। पालाजोरी में हुई मेराज अंसारी की संदिग्ध पुलिस हिरासत में मौत को लेकर झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को झारखंड की आत्मा को झकझोर देने वाली बताते हुए कहा कि कुछ पुलिस अधिकारी साइबर क्राइम के नाम पर निर्दोष लोगों को उठाकर थर्ड डिग्री टॉर्चर का शिकार बना रहे हैं, जो न सिर्फ अमानवीय है, बल्कि लोकतंत्र के भी खिलाफ है। डॉ. अंसारी ने कहा कि,जामताड़ा में भी इस तरह की घटना सामने आई थी, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई थी। लेकिन अब यह रवैया अन्य जिलों में फैलता दिख रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। किसी को भी पुलिस हिरासत में जान से मारने का अधिकार नहीं है। कानून से ऊपर कोई नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ अधिकारी जानबूझकर हेमंत सोरेन सरकार की छवि को खराब करने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा,अगर किसी ने अपराध किया भी है, तो उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत पूछताछ और जांच होनी चाहिए न कि टॉर्चर और हत्या के माध्यम से। उन्होंने सरकार की ओर से आश्वासन देते हुए कहा कि मेराज अंसारी को इंसाफ जरूर मिलेगा और इस घटना के दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।यह लोकतंत्र की सच्ची जीत होगी।
—————————————————————–
मेराज की मौत पर फूटी शबाना खातून की पीड़ा: दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, न्याय के लिए लड़ाई जारी रहेगी
मधुपुर संताल एक्सप्रेस:-देवघर जिला के पालोजोरी थाना क्षेत्र में 35 वर्षीय युवक मेराज अंसारी की संदिग्ध हालात में मौत की खबर सामने आई, पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। यह खबर सुनते ही झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सचिव शबाना खातून ने तुरंत मौके का रुख किया और बृहस्पतिवार को पालोजोरी थाना पहुंचीं। शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में शबाना खातून की आंखों में आक्रोश और दिल में दर्द साफ झलक रहा था। उन्होंने पत्रकारों से भावुक स्वर में कहा, “यह घटना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अत्यंत निंदनीय भी है। मेराज की मौत की सच्चाई सामने लाकर, दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना ही अब उनकी प्राथमिकता है। “जब तक इस परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, मैं चैन की सांस नहीं लूंगी,” उन्होंने संकल्प लिया। शबाना खातून ने जोर देकर कहा कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, और किसी भी तरह की लीपापोती बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व झारखंड सरकार को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं, जो संविधान और लोकतंत्र के लिए खतरा हैं। उन्होंने कहा कि वे इस गंभीर मामले को लेकर बहुत जल्द मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगी और न्याय की मांग करेंगी। प्रेस वार्ता के अंत में शबाना खातून ने पालोजोरी की जनता से संयम बरतने और शांति बनाए रखने की अपील की। उनकी बातों से साफ था कि यह केवल एक राजनीतिक बयान नहीं था—बल्कि एक महिला की संवेदना, संकल्प और संघर्ष का जीवंत उदाहरण था।



