कोडरमा । जिले के झुमरीतिलैया में एक नाबालिग के खुदकुशी का मामला सामने आया है। तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड स्थित एक मकान में रविवार की रात एक नाबालिग युवती ने फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। मृतक युवती की पहचान नेहा कुमारी (१७) के रूप में हुई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के मामा लक्ष्मण यादव ने बताया कि रविवार दोपहर से ही वे तथा उनकी बहन गुड़िया देवी (मृतका की मां) किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। रात में जब वे घर आए तो देखा कि घर के अंदर वाले कमरे में नेहा कुर्सी के सहारे साड़ी से फंदा बनाकर छत में लगे लोहे के हुक से लटकी हुई थी। उन्होंने उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना तिलैया पुलिस को दी। इस बीच जब मृतका के मामा ने नेहा के मोबाइल फोन की जांच की तो उसमें जयनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकित यादव पिता अरुण यादव नामक लड़के का इसके साथ व्हाट्सएप्प पर चैट दिखाई पड़ा। जिसमें अंकित ने किसी वीडियो के सार्वजनिक करने की धमकी देते हुए उसे फंसाने संबंधित कई मैसेज को देखा। उन्होंने बताया कि नेहा का अपना पैतृक गांव जयनगर प्रखण्ड के चंद्रपुर है। उसने कक्षा 10 तक की पढ़ाई वहीं के बगल गांव सतडीहा के एक स्कूल से की थी। उन्हें शक है कि इसी दौरान अंकित से उसकी दोस्ती हुई होगी। उल्लेखनीय है कि मृतका के पिता इनलोगों के साथ नहीं रहते हैं। मृतका कक्षा 12वीं की छात्रा थी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए उसे सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया। वहीं पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस फिलहाल खुदकुशी के कारणों की जांच में जुटी है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


