पुलिस संस्मरण दिवस पर याद किये गए शहीद
डीएसपी सहित पदाधिकारियों व कर्मियों ने दी श्रद्धांजलि
साहिबगंज। पुलिस संस्मरण दिवस 2023 पर पुलिस लाइन स्थित नवनिर्मित शहीद स्थल पर सोमवार की सुबह डीएसपी विजय कुशवाहा के नेतृत्व में शहीद पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को श्रद्धाजंलि अर्पित की गई। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों ने अपने शहीद साथियों की याद में दो मिनट के लिये अपना राइफल झुकाया। वहीं डीएसपी सहित पुलिस पदाधिकारियों व पुलिसकर्मियों ने अमर शहीद बेदी पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। सभी शहीद वेदी पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। डीएसपी ने अपने पुलिस पदाधिकारी व जवान को संबोधित करते हुए कहा कि पिछ्ले
1 सितंबर 2023 से 31 अगस्त 2024 के बीच कर्तव्य के दौरान झारखंड सहित पूरे देश में कुल 216 पुलिस एवं अर्ध सैनिक बल के पदाधिकारी एवं कर्मियों ने अपनी शहादत दी है। इनमें झारखंड पुलिस के 04 जवान हवलदार चौहान हेंब्रम, आरक्षी सिकंदर सिंह, आरक्षी सुकेन राम, आरक्षी रामदेव महतो ने कर्तव्य के दौरान अपनी शहादत दी है। इन सभी वीर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित किया गया। शहीदों की कुर्बानी बेकार नहीं जाती। कर्तव्य के लिए उनकी शहादत से हमें सीख लेने की जरूरत है। पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को अपने कर्तव्य के दौरान चुस्त- दुरुस्त, सतर्कत व सुरक्षित रहने की जरूरत है। परिस्थितियों के अनुकूल काम करने की जरूरत है। इस दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के लिये दो मिनट का मौन रखा गया। मौके पर एसडीपीओ किशोर तिर्की सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान मौजूद थे।


