जामताड़ा : इस साल 14 जनवरी को मकर संक्रांति, लोहड़ी और टुसू पर्व एक साथ मनाया जाएगा। खास बात यह है कि 5 वर्षों के बाद इस साल विशेष संयोग के तहत मकर संक्रांति का त्योहार 14 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दिन पुण्यकाल की शुरुआत प्रातः काल से होगी, जिसमें स्नान, पूजा-पाठ और दान का विशेष महत्व है। इसके अलावा वैवाहिक और मंगल कार्यों की शुरुआत भी हो जाएगी। जिलेभर में मकर संक्रांति, लोहड़ी और टुसू पर्व की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। युवा और बच्चों में पतंग उड़ाने का उत्साह भी देखा जा रहा है। लोग इसकी तैयारी में दिन भर व्यस्त रहे। मकर संक्रांति को लेकर तिलकूट का भी खास महत्व है। बाजार में तिल, चीनी, गुड़ और खोवा से बने तिलकूट की सोंधी खुशबू हवा में फैल रही है। कारीगर दिन-रात तिलकूट तैयार करने में व्यस्त हैं, और इस बार स्पेशल तिलकूट और शुगर-फ्री तिलकूट भी बनाए जा रहे हैं।
तिलकूट का बाजार गुलजार, ठंड बढ़ने के साथ बिक्री में बढ़ोतरी हुई है। जामताड़ा में तिलकूट बनाने का रिवाज लगातार बढ़ता जा रहा है। कड़ाके की ठंड में तिलकूट की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि तिल गर्मी प्रदान करता है और इसे खाने से शरीर को ऊर्जा मिलती है। बाजार में इस समय विभिन्न प्रकार के तिलकूट बिक रहे हैं, जिनमें चीनी तिलकूट, गुड़ तिलकूट, खोवा तिलकूट, तिल पट्टी, बादाम पट्टी, रबड़ी, मुढ़ी और चूड़ा लड्डू शामिल हैं। इस वर्ष तिलकूट की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। बाजार में तिलकूट की कीमत 200 से लेकर 400 रुपए प्रति किलो तक बिक रही है। चीनी तिलकूट 240 रुपए प्रति किलो, गुड़ तिलकूट 260 रुपए प्रति किलो और खोवा तिलकूट 400 रुपए प्रति किलो की दर से बिक रहे हैं। इसके अलावा, शुगर-फ्री तिलकूट भी उपलब्ध है, जो खासतौर पर स्वाद लोगों के बीच पसंद किया जा रहा है। त्योहारों के दौरान तिलकूट के अलावा तिल पट्टी, गुड़ तिल पट्टी और अन्य तिल से बनी मिठाइयां भी बाजार में बिक रही हैं। जामताड़ा के विभिन्न बाजारों में तिलकूट के स्टॉल सज गए हैं, और लोग उत्साहपूर्वक इनका आनंद लेने के लिए पहुंच रहे हैं।


