सरकार ने 1.33 लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय अनुदान का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया
रांची । झारखंड विधानसभा में सोमवार को नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की गयी। रिपोर्ट में यह खुलाशा हुआ कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के विभिन्न विभागों ने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान बजट की 23.14 प्रतिशत खर्च ही नहीं किए। विधानसभा में पेश सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि एक लाख 41 हजार 498.79 करोड़ रुपये के कुल प्रावधानों में से एक लाख आठ हजार 754.44 करोड़ रुपये विभागों द्वारा खर्च किए गए। वहीं, वर्ष 2022-23 के दौरान 57 मामलों में 13 हजार 499.10 करोड़ रुपये के पूरक प्रावधान (प्रत्येक मामले में 0.50 करोड़ रुपये से अधिक) अनावश्यक साबित हुआ, क्योंकि व्यय मूल प्रावधानों के स्तर तक भी नहीं आया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि राज्य का समग्र ऋण-जीएसडीपी (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) अनुपात जो 2019-20 में 30.42 प्रतिशत से बढ़कर 2020-21 में जीएसडीपी का 36.23 प्रतिशत हो गया था। यह 2021-22 से घटता रहा और 2023-24 में पांच साल के निचले स्तर 27.68 प्रतिशत पर पहुंच गया। वर्ष 2023-24 में एक विनियोग (धन का आवंटन) के तहत 268.02 करोड़ का अतिरिक्त खर्च हुआ था। इसे नियमित करने की जरूरत थी। इसके अलावा, वित्त वर्ष 2001-02 से 2022-23 से संबंधित 3.778.41 करोड़ रुपये के अलावा अतिरिक्त संवितरण (किसी विशेष धन या निधि से पैसे का भुगतान करना) को अभी नियमित किया जाना है। रिपोर्ट के अनुसार गैर-प्रतिबद्ध व्यय के भीतर 2023-24 में सब्सिडी 4,831 करोड़ रुपए थी।

यह कुल राजस्व व्यय का 6.30 प्रतिशत थी। वहीं 2023-24 के दौरान ऊर्जा पर सब्सिडी, कुल सब्सिडी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा (48 प्रतिशत) थी। राज्य सरकार ने निर्धारित समय सीमा के अंदर केंद्र से मिले 1.33 लाख करोड़ रुपये के सहायता अनुदान का उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया। इसके अलावा 4891.72 करोड़ रुपये की अग्रिम निकासी के खर्च का हिसाब नहीं दिया।भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक की रिपोर्ट में इन तथ्यों का उल्लेख किया गया है।झारखंड विधानसभा के मॉनसून सत्र में सीएजी की तीन रिपोर्टें पेश की गयी। इसमें एक रिपोर्ट राज्य के वित्तीय लेखा जोखा से संबंधित है। विधानसभा में पेश वित्तीय रिपोर्ट 31 मार्च 2024 को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष से संबंधित है।रिपोर्ट में कहा गया है कि केंद्र से मिले सहायता अनुदान की राशि के खर्च का हिसाब राज्य सरकार द्वारा केंद्र को वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद देने का प्रावधान है।हालांकि ऑडिट में पाया गया कि राज्य सरकार ने मिले 1.33 लाख करोड़ रुपये के केंद्रीय अनुदान के खर्च की उपयोगिता प्रमाण पत्र केंद्र सरकार को निर्धारित समय सीमा में नहीं दिया। इस राशि के खर्च के लिए राज्य सरकार द्वारा कुल 47 हज़ार 367 उपयोगिता प्रमाण पत्र दिया जाना है।पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य को मिलने वाले केंद्रीय अनुदान में भारी गिरावट पायी गयी।
वर्ष 2019-20 में राज्य के केंद्रीय अनुदान के रूप में 21.06 प्रतिशत राशि मिली थी।वित्तीय वर्ष 2023-24 में यह घट कर 10.40 प्रतिशत तक पहुंच गयी।वर्ष 2023-24 के दौरान राज्य को केंद्र प्रायोजित योजनाओं में केंद्रीय हिस्सेदारी के रूप में सिर्फ 6266.71 करोड़ रुपये मिले।रिपोर्ट में कहा गया है कि राज सरकार को अचानक होने वाली जरूरी खर्चे के लिए ट्रेजरी से अग्रिम निकासी का प्रावधान है। ट्रेजरी से की गयी अग्रिम निकासी के खर्च का विस्तृत ब्योरा दूसरे महीने देने का नियम है। ऑडिट में पाया गया कि सरकार ने 4891.72 करोड़ रुपये की अग्रिम निकासी के खर्च का विस्तृत ब्योरा अब तक नहीं दिया है।रिपोर्ट में राज्य की वित्तीय स्थिति की चर्चा करते हुए कहा गया है कि 2022-23 के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2023-24 में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में 10.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी. यह एक बेहतर संकेत हैं।राज्य के कुल राजस्व में 9.57 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।
जबकि राज्य के अपने स्रोतों से मिलने वाले राजस्व में 11.49 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।वित्तीय वर्ष 2022-23 के मुकाबले 2023-24 में राज्य के कुल खर्च में 19.58 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 2022-23 के मुकाबले 2023-24 में सरकार के राजस्व खर्च में 14.99 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।पिछले चार वर्षों के दौरान राज्य के राजकोषीय घाटे में भी कमी पायी गयी है।वर्ष 2019-20 में राज्य का रोजकोषीय घाटा के मुकाबले 2.59 प्रतिशत था। वर्ष 2023-24 में यह 2.59 प्रतिशत से घट कर 1.37 प्रतिशत हो गया।राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए यह बेहतर संकेत हैं।
———————————————————————————————–
पथ निर्माण व ग्रामीण विकास में खर्च हुए 41.10 करोड़ का लाभ लोगों को नहीं मिला
रांची । महालेखाकार ने सोमवार को विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2022-23 का अनुपालन प्रतिवेदन पेश किया। जिसमें कहा गया है कि पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण विकास विभाग ने दो-दो योजनाओं पर करीब 41.10 करोड रुपये खर्च तो किया, लेकिन आम लोगों को इस खर्च का कोई लाभ नहीं मिला।पेश रिपोर्ट के मुताबिक पथ निर्माण की ऑडिट में यह पाया गया है कि सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण में विभाग के कार्यपालक अभियंता और भू-अर्जन पदाधिकारी के बीच समन्वय की कमी की वजह से 19.15 करोड़ रुपया का खर्च का कोई फायदा आम लोगों को नहीं मिला।इसी तरह पथ निर्माण विभाग ने दामोदार और गवई नदी पर दो पुल बनाने के लिए 15.09 करोड़ रुपये खर्च तो किया।पुल का निर्माण तो हो गया, पुल तक पहुंच पथ का निर्माण किया ही नहीं गया।क्योंकि इसके लिए भूमि का अधिग्रहण ही नहीं किया गया। इस तरह इन दोनों पुल के निर्माण पर हुए खर्च का कोई फायदा आम लोगों को नहीं मिला। महालेखाकार ने पाया है कि बोकारो जिला के चंदनकियारी प्रखंड में एक मॉल के लिए निर्मित भवन का कोई इस्तेमाल नहीं किया गया। इस तरह इसके निर्माण पर हुए 5.09 करोड़ रुपये के भुगतान का कोई लाभ आम लोगों को नहीं मिला।इसी तरह ग्रामीण विकास विभाग में वेब आधारित एकाउंट प्रबंधन प्रणाली के लिए काम किया गया।इस पर 1.77 करोड़ रुपये का खर्च आया।लेकिन इसका इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है।कृषि पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ऑडिट में पाया गया है कि जनवरी से जून 2014 के बीच 16 शीतागार व छंटाई पर 3.67 करोड़ रुपया खर्च तो किया गया। लेकिन इसमें काम अब तक शुरु नहीं हुआ। इस खर्च का कोई लाभ आम लोगों को नहीं मिला।अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग ने जमशेदपुर जिला के धालभूमगढ़ प्रखंड में 50 बिस्तर वाला ग्रामीण अस्पताल का निर्माण कराया। इस पर कुल 1.55 करोड़ रुपया खर्च किया गया। तीन साल बीतने के बाद भी अस्पताल चालू नहीं किया गया है।
———————————————————————————————–
विधानसभा से 4296 करोड़ 62 लाख रुपए का प्रथम अनुपूरक बजट पारित
रांची । झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन सोमवार को सदन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के बहिष्कार के बीच चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 4296 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट को ध्वनिमत से मंजूरी प्रदान कर दी। इसके साथ ही सदन ने तत् संबंधी झारखंड विनियोग (संख्या 3) विधायक 2025 को भी ध्वनिमत स्वीकृति प्रदान कर दी। भारतीय जनता पार्टी के विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी के कटौती प्रस्ताव को सदन ने ध्वनिमत से नामंजूर कर दिया। भोजन अवकाश के बाद सत्येंद्र नाथ तिवारी ने अपना कटौती का प्रस्ताव पेश किया। उन्होंने राज्य सरकार की कमियों को उजागर किया।इस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि कटौती प्रस्ताव लाने की कोई आवश्यकता नहीं थी और यह कार्य संचालन नियमावली में भी नहीं है, क्योंकि पहले ही बजट पास हो चुका है। इसी दौरान हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की बैठक 3:30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी। सदन की बैठक जब 3:30 बजे फिर से शुरू हुई, तो अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि इस अनुपूरक बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, बुनियादी ढांचे और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं। अनुपूरक बजट में यह स्पष्ट किया गया है कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को गति देना और जरूरतमंद वर्गों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा की राज्य हित में और जनहित में प्रथम अनुपूरक बजट लाना जरूरी था। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार का वित्तीय प्रबंधन मजबूत है। सरकार की उपलब्धियां की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार कृषि पर अधिक खर्च कर रही है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर भाजपा के विधायकों ने सदन का बहिर्गमन किया और फिर सदन ने ध्वनी मत से अनुपूरक बजट को पास कर दिया।
—————————————————————————————————————————–
सीएजी रिपोर्ट : पेंशनभोगियों को किया 11 करोड रुपये का अधिक भुगतान
रांची । विधानसभा में पेश सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि आईएफएमएस डेटाबेस के डेटा विश्लेषण में देखा गया है कि 344 मामलों में, कोषागारों की ओर से डीसीआरजी/सीवीपी की प्राधिकृत स्वीकार्य राशि के विरुद्ध पेंशनभोगियों को कुल 11 करोड़ रुपए का अधिक भुगतान किया गया। सीएजी रिपोर्ट में कहा गया है कि पेंशन के 344 मामलों को संबंधित 29 कोषागारों के पास उपलब्ध पंजियों/अभिलेखों के साथ सत्यापित किया और गहालेखाकार (लेखा और हक्) को भेजे गए वाउचर/कोषागार अनुसूचियों के साथ इसकी पुष्टि भी की। इन 344 मामलों में से 47 मामलों में, लेखापरीक्षा ने, आईएफएमएस में कमजोर एप्लीकेशन नियंत्रण के कारण 2.03 करोड़ मूल्य के मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति उपदान (डीसीआरजी) और पेंशन का रूपांतरित मूल्य (सीवीपी) के अधिक भुगतान के मामले दिखाई दिए। इसके अनुसार दो मामलों में एक ही प्राधिकार आदेश के विरुद्ध एक पेंशनभोगी को किए गए दो बार भुगतान, 12 मामलों में एक पेंशनभोगी को किसी अन्य पेंशनभोगी के प्राधिकार आदेश के विरुद्ध किए गए भुगतान और 33 मामलों में त्रुटिपूर्ण बिल/भुगतान सूचना तैयार करने के कारण हुए थे।
24.80 लाख का अधिक खर्च किया
साथ ही 30 मामलों में डीसीआरजी/सीवीपी के भुगतानों में टीडीएस की राशि को त्रुटिपूर्ण तरीके से जोड़ने के कारण 24.80 लाख का अधिक खर्च किया गया। वहीं आईएफएमएस में दोषपूर्ण सत्यापन नियंत्रण के कारण 2017-2022 के दौरान परिवहन, राजस्व, निबंधन और भूमि सुधार, जल संसाधन विभाग में 4.40 करोड़ रुपए के राजस्व की कम वसूली हुई, क्योंकि प्रणाली ने उन राशियों से कमतर राशि जमा किया था, जिसके लिए चालान जारी किया गया था। वर्ष 2017-23 के दौरान छह डीडीओ की ओर से आवंटन से 1.24 करोड़ रुपए अधिक खर्च किया गया और 13 डीडीओ ने विभिन्न लेखा शीर्षों के अंतर्गत बिना किसी आवंटन के 34.33 करोड़ रुपये का खर्च किया गया।
इस खबर को भी पढ़े : विधानसभा में सरकार की खुली पोल
इस खबर को भी पढ़े : झारखंड विधानसभा में हंगामे के बीच सीएजी रिपोर्ट पेश, राजस्व संग्रह में बकाया राशि का खुलासा
इस खबर को भी पढ़े : सदन के बाहर सूर्या हांसदा के मामले को लेकर भाजपा ने किया प्रदर्शन



