अयोध्या । अयोध्या की रामलीला में कुछ बेहद खास होने वाली है। 1 से 12 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली रामलीला में कई बड़े नाम नजर आने वाले हैं। दिल्ली से बीजेपी सांसद मनोज तिवारी बाली का किरदार निभाएंगे, जबकि गोरखपुर से सांसद रविकिशन सुग्रीव की भूमिका में दिखाई देने वाले है। रामायण के इन अहम पात्रों का मंचन दोनों मिलकर करने वाले हैं और करोड़ों दर्शक इसका लाइव प्रसारण देखने वाले है।
अयोध्या की रामलीला के फाउंडर अध्यक्ष सुभाष मलिक (बॉबी) और महासचिव शुभम मलिक ने बताया कि इस साल की रामलीला के प्रति लोगों में भारी उत्साह है और उम्मीद जाहिर की कि यह आयोजन पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा। इस बार रामलीला में फिल्मी सितारों, राजनेताओं और अन्य प्रमुख हस्तियों को अलग-अलग पात्रों में देखने का मौका मिलेगा। प्रसिद्ध अभिनेत्री भाग्यश्री वेदवती की भूमिका में हैं, जो हिंदू पौराणिक कथाओं में देवी सीता का पूर्वजन्म है। इसके अलावा पद्म श्री से सम्मानित मालिनी अवस्थी शबरी की भूमिका में नजर आएंगी। अभिनेत्री रितु शिवपुरी सुनयना (सीता जी की मां) की भूमिका निभा रही हैं, जबकि टीवी कलाकार अमिता नांगिया मंदोदरी के रूप में दिखेंगी। रामलीला में कैकेई की भूमिका मैडोना निभा रही हैं और पायल गोगा कपूर सूर्पनखा का किरदार निभाएंगी। अंजली शुक्ला मां कौशल्या और मां पार्वती की भूमिका में नजर आएंगी। इस बार अयोध्या की रामलीला में बॉलीवुड के 42 से ज्यादा कलाकार हिस्सा ले रहे हैं, इसमें रजा मुराद राजा दशरथ, राकेश बेदी राजा जनक, बिंदु दारा सिंह भगवान शंकर, रूबी चौहान मेघनाथ, वेद सागर राम जी, अनिमेष मिढा लक्ष्मण, मनीष शर्मा रावण, विनय सिंह कुंभकरण और निरंजन नारद मुनि की भूमिकाएं निभाएंगे।






