नई दिल्ली । दिल्ली के मालवीय नगर के हौजरानी स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में बुधवार की सुबह भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 10 गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है और 37 घायल हैं।
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली फायर सर्विस टीम को मालवीय नगर में लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में सुबह 8:30 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके तुरंत बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बताया जा रहा है कि रेस्टोरेंट के बेसमेंट से ये आग लगनी शुरू हुई। रेस्टोरेंट के बेसमेंट से गंभीर हालत में लोगों को रेस्क्यू किया गया। इस आग की वजह से अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है और 37 लोग घायल हैं। घायलों को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि इस समय भी कुछ लोग रेस्टोरेंट के अंदर फंसे हुए हैं जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजधानी दिल्ली में इस तरह का अग्निकांड कोई पहली बार देखने को नहीं मिला है। इससे पहले भी दिल्ली के कई अलग-अलग इलाकों में इसी तरह की भीषण आग लग चुकी है।
साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में कई विदेशी नागरिक भी इलाज करने के लिए पहुंचते हैं, जिसकी वजह से आसपास कई होटल और रेस्टोरेंट बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि जिस रेस्टोरेंट कम होटल में आग लगी उसमें कई विदेशी भी ठहरे हुए थे। अभी जो जानकारी आ रही है उसके अनुसार होटल को सिर्फ 6 कमरे बनाने की अनुमति थी, लेकिन यहां पर अवैध रूप से 25 कमरे बने हुए थे। वहीं, दिल्ली पुलिस ने बताया कि मालवीय नगर के रेस्टोरेंट में लगी आग में मारे गए लोगों में से अधिकांश विदेशी नागरिक हैं।


