– संतालियों की परंपरा व रीतियों का उद्गम स्थल माना जाता है लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़
– गोमिया के ललपनिया स्थित लुगू पहाड़ पर राजकीय महोत्सव सह तीन दिवसीय 25वां अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन शुरू से
धनबाद। लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़ मतलब संताल समाज की सबसे पवित्र स्थल। यह स्थान संताल समाज की पहचान से जुड़ा है।कार्तिक पूर्णिमा यानी सोहराय कुनामी के अवसर पर देश-विदेश से संताली समाज के लोगों का यहां जुटान होता है। तीन दिनों के महोत्सव की शुरुआत सोमवार से हो गई है। इस बार के महोत्सव का खास महत्व है। कारण यह है यह 25वां महोत्सव है। यह अंतरराष्ट्रीय सरना धर्म महासम्मेलन 3 नवंबर से शुरू हो गया है। इस महोत्सव का आयोजन 2018 से जिला प्रशासन की ओर से इसे राजकीय महोत्सव के रूप में किया जा रहा है। हालांकि संताल समाज की ओर से इसका आयोजन लंबे समय से हो रहा है। यहां दोरबार चट्टानी में महासम्मेलन में झारखंड सहित बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, मणिपुर, छत्तीसगढ़ व मध्य प्रदेश से संताल समाज के लोगों का जुटान हो रहा है। इसके साथ – साथ विदेशों से नेपाल, बांग्लादेश व भूटान तथा कई देशों से यहां संताली मत्था टेकने आते हैं। फिर अपना धर्म, भाषा, लिपि व संस्कृति को उसके मूल रूप में संजोये रखने तथा प्रकृति की रक्षा पर चर्चा व संकल्प लेते हैं।

12 साल चली बैठक में स्वशासन व्यवस्था स्थापित की गई थी : ऐसी मान्यता है कि संताल समाज की सभ्यता के विकास के लिए लुगू बाबा की अध्यक्षता में आदिकाल में 12 वर्षों तक लुगू बुरु घांटा बाड़ी दोरबार चट्टानी में विचार-विमर्श कर जन्म से लेकर मृत्यु तक के संस्कार, परंपरा व रीति-रिवाज, धार्मिक, पूजा पद्धति व मांझी परगना स्वशासन व्यवस्था को स्थापित किया गया था । इसी इसी स्थापित परंपरा का आज भी विश्व के समस्त संताल समाज के लोग अनुसरण करते हुए इसे संचालित करते हैं।
उखल, छरछरिया झरना और दोलान आस्था के हैं प्रतीक हैं : लंबे समय तक यहां बैठक के दौरान संतालियों ने फसल उगायी और धान कूटने के लिए चट्टानों का प्रयोग किया जिसके चिह्न आज भी आधा दर्जन उखल (उखुड़ कांडी) के स्वरूप में मौजूद हैं। वहीं पेयजल के लिए बगल से बहने वाली पवित्र सीता नाला का प्रयोग किया जाता था। अंत में यह नाला करीब 40 फीट नीचे गिरती है, संताली इसे सीता झरना कहते हैं। छरछरिया झरना के नाम से भी यह प्रसिद्ध है। इसके जल को संताली गाय के दूध के बराबर पवित्र मानते हैं। असल में सीता झरना का जल के लगातार सेवन से कई बीमारी जैसे कब्ज, गैस्टिक व चर्म रोग दूर हो जाता है। इसके अलावा झरना के निकट एक गुफा है, संताली इसे लुगू बाबा का छटका कहते हैं। मान्यता के अनुसार लुगू बुरु यहीं स्नान करते थे और इसी गुफा के जरिये वे सात किमी ऊपर स्थित घिरी दोलान (गुफा) के लिए आवागमन करते थे। कहा जाता है कि लुगू बुरु के सच्चे भक्त इस गुफा के जरिये ऊपर गुफा तक पहुंच जाते थे।
सात देवी-देवताओं की यहां विधि-विधान से की जाती पूजा : दोरबार चट्टानी स्थित पुनाय थान (मंदिर) में मरांग बुरु और फिर लुगू बुरु, लुगू आयो, घांटाबाड़ी गो बाबा, कुड़ीकीन बुरु, कपसा बाबा व बीरा गोसाईं की पूजा की जाती है। वहीं संतालियों की अपने आराध्यों की उपासना का प्रमुख धार्मिक स्थानों में जाहेरगढ़ ह है। जहां सखुआ के बड़े-बड़े पेड़ हैं। यहां संताली अपने सभी देवी-देवताओं का आह्वान कर उनकी पूजा करते हैं। सरहुल आदि अन्य अनुष्ठान सभी जाहेरगढ़ में मनाते हैं। संताली यहां सर्वप्रथम मरांग बुरु फिर जाहेर आयो, लीट्टा गोसाईं, मोड़े को और तुरुई को देवी-देवताओं की पूजा करते हैं। खास बात यह भी है कि संताली अपनी उपासना में प्रकृति की सुरक्षा की मन्नत भी मांगते हैं चूंकि यहां सरना अनुयायी पूजा करते हैं। इसलिए इस स्थल को आम भाषा में सरना स्थल भी कहा जाता है।



