चंडीगढ़ । इन दिनों भाजपा के नेता कुछ ऐसा बयान दे रहे हैं, जिससे बार-बार विवाद खड़ा हो जा रहा है। यहां हरियाणा के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रामबिलास शर्मा एक बार फिर अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस बार उन्होंने भगवान परशुराम की महत्ता बताते हुए ऐसा कथन दिया, जिससे क्षत्रिय समुदाय में नाराजगी की लहर दौड़ गई है।
दरअसल भाजपा नेता रामबिलास शर्मा ने एक सभा के दौरान कहा कि, भगवान परशुराम ने पौराणिक कथाओं के अनुसार 21 बार क्षत्रियों का अंत किया। उन्होंने आतंकवाद को खत्म किया। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान परशुराम का फरसा उस समय का परमाणु बम था। उनके इस बयान को क्षत्रिय समाज ने अपमानजनक बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। शर्मा का यह बयान ऐसे समय आया है जब पहले ही बीजेपी के राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा के एक कथन पर विवाद छिड़ा हुआ है। जांगड़ा ने पहलगाम हमले में अपने पति को खो चुकी महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसे लेकर जनता में भारी रोष है। अब रामबिलास शर्मा ने न केवल उस बयान पर चुप्पी साधी, बल्कि उसे अपने “बड़े भाई का कथन” कहकर समर्थन की बात कही।
इसके साथ ही भाजपा नेता शर्मा ने कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी तीखी टिप्पणी की, जिस पर विपक्ष खासा नाराज है। उन्होंने राहुल को लेकर कहा कि, सोनिया गांधी उन्हें ट्यूशन लगवाती हैं, लेकिन वह हर बार फेल हो जाते हैं।
उन्होंने यह बयान उस वक्त दिया जबकि वो 30 मई को रोहतक में मनाई जाने वाली भगवान परशुराम जयंती की तैयारियों को लेकर भिवानी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रहे थे। इस दौरान उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया गया और उन्हें जयंती में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया।
विपक्ष और क्षत्रिय संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया
रामबिलास शर्मा के इस बयान पर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कई क्षत्रिय संगठनों और विपक्षी दलों ने इसे समुदाय के प्रति अपमानजनक बताते हुए माफी की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ताओं ने इसे सोची-समझी राजनीति करार दिया और कहा कि बीजेपी नेताओं की भाषा और बर्ताव से सामाजिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है।






