संताल एक्सप्रेस संवाददाता

मसलिया,दुमका । मसलिया थाना क्षेत्र के खुटोजोरी पंचायत अंतर्गत पाटनपुर गांव में शुक्रवार देर रात पुलिस यूनिफॉर्मधारी अपराधियों ने एक विधवा महिला के घर पर धावा बोलकर आभूषण व नगदी सहित करीब पांच लाख रुपये की लूटपाट की। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।पीडि़ता सीमा गोराई ने बताया कि रात लगभग 11:45 बजे करीब दस की संख्या में लोग पुलिस की वर्दी पहनकर घर के दरवाजे पर पहुंचे और दुकान की जांच के बहाने दरवाजा खोलने को कहा। जब उन्होंने दरवाजा खोलने से इंकार किया तो अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण जैसे ही दरवाजा खोला, अपराधियों ने उनके मुंह पर नशीला पदार्थ डाल दिया, जिससे वह बेसुध हो गईं। इसी दौरान अपराधियों ने अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य सामान समेट लिया। लुटे गए सामान में सोने की तीन जोड़ी बाली, दो जोड़ी पोला, एक अंगूठी, एक चेन, चांदी की दो जोड़ी पायल, एक ताबीज, दो जोड़ी मटर चूड़ी, कांसे के बर्तन और बेटी की शादी के लिए रखे दो लाख रुपये नकद शामिल हैं। पीडि़ता के अनुसार कुल नुकसान लगभग पांच लाख रुपये का हुआ है। घटना के समय घर में उनकी बेटी अंजली गोराई और बेटा आकाश गोराई भी मौजूद थे। घटना की जानकारी मिलते ही सबसे पहले सीमावर्ती क्षेत्र से पालोजोरी (देवघर) पुलिस पहुंची। इसके बाद जामा पुलिस तथा मसलिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
————————————-
पुलिस की वर्दी में आए डकैतों ने जांच के नाम पर घर खुलवाया। एक वाहन में करीब आठ डकैतों ने पूरी घटना को अंजाम दिया। चार डकैतों ने सारी लूटपाट की और बाकी बाहर ही रहे। अज्ञात पर मामला दर्ज कर अपराधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इकुड डुंगडुंग, पुलिस उपाधीक्षक, दुमका।



