●आक्रोशित झामुमो कार्यकर्ताओं ने कहा-जामा से टिकट मिला तो डॉ.लुईस मरांडी को गांवों में घुसने नहीं देंगे
संवाददाता

दुमका। भाजपा छोड़ कर झामुमो में आई डॉ. लुईस मरांडी के जामा से प्रत्याशी होने की चर्चा पर झामुमो कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू कर दिया है।अभी झामुमो ने प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की है पर मीडिया में डॉ. लुईस मरांडी को जामा से संभावित उम्मीदवार बताया जा रहा है।मंगलवार को जामा चौक पर जुटे झामुमो प्रमुख कार्यकर्ताओं ने डॉ लुईस मरांडी के विरोध में प्रदर्शन किया।विरोध कर रहे लोगों ने डॉ लुईस मरांडी वापस जाओ का नारा भी लगाया।पत्रकारों से बातचीत में झामुमो कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा से आई डॉ. लुईस मरांडी को टिकट दिया गया तो जामा के सभी 23 पंचायतों के लोग उनका विरोध करेंगे और गांवों मे घुसने नहीं देंगे।मुखिया सह झामुमो कार्यकर्त्ता कमीशन सोरेन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व बिना किसी कार्यकर्त्ता से वार्ता किये जामा विधानसभा सीट से टिकट देना चाहती है, जो उचित नहीं है।निर्मल किस्कू और दुर्गा मुर्मू सहित कई वरिष्ठ झामुमो कार्यकर्ताओं का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खुद बरहेट के साथ जामा से भी चुनाव लड़ें या गुरूजी के परिवार के किसी सदस्य को लड़ाया जाए।जामा के किसी वरिष्ठ स्थानीय झामुमो कार्यकर्ता या गुरुजी के परिवार के किसी सदस्य के अलावे वे किसी भी बाहरी को प्रत्याशी स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं।डॉ. लुईस मरांडी को बर्दाश्त करने को झामुमो कार्यकर्ता तैयार नहीं हैं।





