जरमुंडी में कांग्रेस से सीट छीनकर भाजपा ने फहराया भगवा ध्वज
एस.के.झा.’सुमन’

दुमका। झारखंड के संताल परगना प्रमंडल के छह में से पांच जिलों में जहां इंडिया गठबंधन को गहरा झटका लगा है वहीं दुमका जिले में झामुमो तीन सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। इसके बावजूद इस जिले के जरमुंडी विधानसभा सीट कांग्रेस से छीनकर राजग ने इंडिया गठबंधन को गहरा झटका दिया है। हालांकि झामुमो ने दुमका, शिकारीपाड़ा और जामा विधानसभा क्षेत्र में जीत हासिल कर स्पष्ट कर दिया है कि संताल परगना के दुमका जिले में दिशोम गुरु शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो के तीर धनुष का जलवा अब भी बरकरार है। दुमका जिले के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र से दुमका के सांसद और सात बार विधायक रहे नलिन सोरेन के पुत्र आलोक सोरेन 41,174 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के परितोष सोरेन को हरा कर इस सीट पर झामुमो का झंडा बरकरार रखा और पहली बार विधायक चुने गए। इस बार झामुमो के आलोक कुमार सोरेन ने 1,02,199 मत बटोरे।जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के परितोष सोरेन को 61,025 मतों से ही संतोष करना पड़ा। वहीं दुमका विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन दूसरी बार झामुमो के टिकट पर दूसरी बार विधायक चुने गए। इस बार इस क्षेत्र में बसंत सोरेन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के सुनील सोरेन को 14,588 मतों से हराया। इस चुनाव में झामुमो के बसंत सोरेन को 95,685 और भाजपा के सुनील सोरेन 81,097 मत मिले। जबकि जामा में हाल में भाजपा छोड़ झामुमो में शामिल हुई पूर्व मंत्री डाक्टर लुईस मरांडी कांटे की टक्कर में 5,738 मतों के अंतर से भाजपा के टिकट पर तीसरी बार मैदान में उतरे सुरेश मुर्मू को पराजित करने में सफल हुई। झामुमो की लुईस मरांडी को 76,424 वोट मिले जबकि भाजपा के सुरेश मुर्मू को 70,686 मतों से संतोष करना पड़ा। जिले के चौथे विधानसभा क्षेत्र जरमुंडी में भाजपा के देवेंद्र कुंवर ने पिछले दस वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस के बादल पत्रलेख को 17,546 मतों से गहरी शिकस्त दी। भाजपा के देवेंद्र कुंवर 94,892 वोट बटोरने में कामयाब हुए। वहीं कांग्रेस के निवर्तमान विधायक बादल पत्रलेख को महज 77,346 मतों से ही संतोष करना पड़ा।



