रांची । पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेले गए सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराकर पहली बार इस टूर्नामेंट को जीता झारखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के शानदार शतक 101 रन 49 गेंद छह चौके 10 छक्के और कुमार कुशाग्र 38 गेंद पर 81 रन की बदौलत 20 ओवरों में तीन विकेट खोकर 262 रन बनाएं। अनुकूल रॉय ने भी 20 गेंद पर 40 रन तथा रॉबिन मेंस 14 गेंद पर 31 रन की अच्छी पारी खेली। बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में विकास सिंह ने 2 खिलाडिय़ों को आउट कर झारखंड को शानदार शुरुआत दिलाई। हरियाणा 18.2 ओवरों में 193 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
टीम के लिए यशवर्धन ने 53 सामंत जाकर ने 38 और निशांत सिंधु ने 31 रन बनाए। झारखंड के लिए सुशांत मिश्रा और बाल कृष्ण ने तीन-तीन विकेट लिए वही विकास सिंह और अनुकूल राय को दो-दो विकेट प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतकर ऐतिहासिक सफलता हासिल करने पर झारखंड क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस जीत को पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, टीमवर्क और अदम्य जज़्बे का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि टीम के प्रत्येक खिलाड़ी, कोचिंग स्टाफ और सहयोगी सदस्यों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती से निकली प्रतिभा आज देशभर में अपना परचम लहरा रही है, जो राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।


