अहमदाबाद में बारिश की आशंका, 80 हजार ऑनलाइन टिकट बिकीं, फ्लाइट्स का किराया 25 हजार तक पहुंचा
नई दिल्ली । आईपीएल का फाइनल मंगलवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीमें आमने-सामने होंगी। लेकिन, बारिश फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर सकती है। मौसम वेबसाइट एक्यू वेदर के अनुसार, 3 जून को अहमदाबाद में 62प्रतिशत बारिश का पूर्वानुमान है। एक दिन पहले रविवार को पंजाब-मुंबई का क्वालिफायर-2 मैच बारिश के कारण दो घंटे की देरी से शुरू हुआ था। इस मैच के कारण सोमवार को दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई और चंडीगढ़ से अहमदाबाद आने वाली फ्लाइट्स का किराया 25 हजार तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों में यह किराया 3500 से 5000 तक रहता है। इसी तरह, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 80 हजार टिकट बिक चुके हैं। अहमदाबाद स्टेडियम में दर्शकों की क्षमता 1.32 लाख है। 25,000 सीटें रिजर्व रखी गई हैं। दोपहर 12 बजे से पहले बेंगलुरु के लिए कुल 5 उड़ानें हैं, जिनमें से केवल 2 उड़ानों में कुछ सीटें बची हैं।


