नई दिल्ली । दिग्गज टेक ऐप्पल कंपनी आगामी स्मार्टफोन आईफोन 18 को मार्च 2027 में भारतीय बाजार में पेश कर सकती है। इसकी संभावित कीमत 1,10,990 रुपये से 1,19,990 रुपये के बीच बताई गई है। हालांकि, ऐप्पल ने अभी तक फोन की लॉन्च तारीख, कीमत और फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आईफोन 18 की कीमत मौजूदा आईफोन 17 से अधिक हो सकती है। भारत में आईफोन 17 की शुरुआती कीमत 99,900 रुपये बताई गई है। यदि नए मॉडल की अनुमानित कीमत सही साबित होती है, तो यह कंपनी के सबसे महंगे मानक आईफोन में शामिल हो सकता है। एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, आईफोन 18 के साथ आईफोन 18ई और आईफोन एयर 2 को भी मार्च 2027 के आसपास पेश किए जाने की संभावना है। इन उपकरणों का उत्पादन नवंबर 2026 के अंत तक शुरू होने का अनुमान जताया गया है। फीचर्स की बात करें तो आईफोन 18 में 6.3 इंच का एलटीपीओ ओएलईडी डिस्प्ले मिल सकता है। यह स्क्रीन 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट कर सकती है, जिससे स्क्रॉलिंग और एनिमेशन का अनुभव बेहतर होने की उम्मीद है। यह आकार और रिफ्रेश रेट मौजूदा आईफोन 17 के समान बताए जा रहे हैं।
प्रदर्शन के लिए फोन में ऐप्पल का आगामी ए20 चिपसेट दिया जा सकता है। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि यह चिप दो नैनोमीटर विनिर्माण प्रक्रिया पर आधारित होगी। इससे प्रोसेसिंग क्षमता और ऊर्जा दक्षता में सुधार हो सकता है। हालांकि, चिपसेट की वास्तविक क्षमता और तकनीकी विवरण की पुष्टि कंपनी की घोषणा के बाद ही होगी। मेमोरी के मामले में आईफोन 18 में नौ या 12 जीबी रैम मिलने की संभावना जताई गई है। फोटोग्राफी के लिए इसमें दो रियर कैमरों वाला सेटअप बरकरार रह सकता है। इसके अलावा, ऐप्पल का नया सी2 मॉडेम और बेहतर बैटरी क्षमता मिलने की भी चर्चा है। फोन को नए रंगों में पेश किए जाने की संभावना भी जताई गई है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


