राजकोट । भारतीय क्रिकेट टीम की इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में हार से प्रशंसक निराश हैं। भारतीय टीम के पास इस मैच को जीतकर सीरीज अपने नाम करने का अवसर था पर वह विफल रही। इस हार के बाद भी भारतीय टीम 5 मैचों की सीरीज में अब भी 2-1 से आगे है। भारतीय टीम की तीसरे मैच में हार का कारण स्टार खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन रहा। इस मैच में पारी की शुरुआत करते हुए संजू सैमसन एक बार फिर असफल रहे। इस सीरीज में ये तीसरा मैच है जिसमें वह रन नहीं बना पाये। सैमसन 6 गेंदों पर 3 रन बनाकर आउट हुए। सैमसन राजकोट में टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत नहीं दिला पाए। उन्होंने पहले टी20 में 26 रन बनाए थे जबकि दूसरे टी20 में भी वह 5 रन ही बना पाये थे। इसके अलावा कप्तान सूर्यकुमार के भी असफल रहने से बल्लेबाजी पर दबाव आया। सूर्या अब तक तीन 3 मैचों में रन नहीं बना पाये हैं। राजकोट में सूर्या से मध्यक्रम में रन बनाने की उम्मीदें थीं पर वह 14 रन ही बना पाये। वह पहले दोनो मैचों में भी रन बनाने में विफल रहे हैं। इस मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी भी विफल रहे। शमी ने 3 ओवर गेंदबाजी करते हुए 25 रन दिए पर वह एक भी विकेट नहीं ले पाये। उन्हें अंतिम ग्यारह में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह शामिल किया गया था। इसके अलावा स्पिनर रवि बिश्नोई भी इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा पाये और 4 ओवरों में ही उन्होंने 46 रन दे दिये।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


