नई दिल्ली । भारत और इस्राइल आपसी रक्षा सहयोग और मजबूत करेंगे। यह निर्णय 3 से 6 फरवरी तक नई दिल्ली में आयोजित 13वें दौर की स्टाफ वार्ता में लिया गया। इस दौरान संयुक्त सैन्य प्रशिक्षण, उन्नत तकनीकों को साझा करने और क्षेत्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। भारतीय सेना के अतिरिक्त जनसंपर्क महानिदेशालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी साझा की। वार्ता की अहमियत बताते हुए सेना ने कहा, यह रणनीतिक बातचीत रक्षा क्षमताओं में आपसी विकास के लिए प्रतिबद्धता को पुख्ता करती है और साझा हितों और विश्वास से एकजुट दोनों देशों के बीच गहरे द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देती है। दोनों देशों ने 2024 में 17वां भारत-इस्राइल विदेश कार्यालय विचार-विमर्श किया था। यह भारत-इस्राइल की सामरिक साझेदारी की मजबूती को दिखाता है।






