नॉर्वे को सप्लाई पोत की लंबाई 89.43 मीटर, चौड़ाई 13.2 मीटर
नई दिल्ली । केंद्र की एनडीए सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ जैसे अभियानों की सफलता अब दिखाई देने लगी है। एक सरकारी कंपनी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड की सहायक कंपनी उडुपी ने नॉर्वे को सामान ढोने वाला पोत सप्लाई किया है। उडुपी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने मेसर्स विल्सन एएसए, नॉर्वे के लिए बनाए जा रहे 3800 टीडीडब्ल्यू जनरल कार्गो वेसल की सीरीज ऑफ सिक्स के पहले पोत को लॉन्च किया है।
रॉयल नॉर्वेजियन दूतावास में मंत्री काउंसलर और मिशन की उप-प्रमुख ने इस पोत को लांच किया उनके साथ विल्सन एएसए के मुख्य वित्तीय अधिकारी कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक और उडुपी-कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड के सीईओ मौजूद थे। नॉर्वे की कंपनी विल्सन एएसए यूरोप में अग्रणी शॉर्ट सी फ्लीट ऑपरेटर है और पूरे यूरोप में करीब 15 मिलियन टन ड्राई कार्गो का परिवहन करती है। कंपनी 1,500 से 8,500 डीडब्ल्यूटी तक के करीब 130 जहाजों का बेड़ा संचालित करती है। विल्सन एएसए ने जून 2024 और सितंबर 2024 में दो बैचों के रूप में 6,300 टीडीडब्ल्यू ड्राई कार्गो वेसल्स की आठ संख्या में ऑर्डर पर हस्ताक्षर किए हैं। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड द्वारा यार्ड के अधिग्रहण के बाद से यूसीएसएल ने अडानी हार्बर सर्विसेज लिमिटेड की कंपनी ओशन स्पार्कल लिमिटेड को दो 62टी बोलार्ड पुल टग और पोलस्टार मैरीटाइम लिमिटेड को दो 70टी बोलार्ड पुल टग सफलतापूर्वक डिलीवर किया है। यूसीएसएल को ओशन स्पार्कल लिमिटेड (तीन) और पोलस्टार मैरीटाइम लिमिटेड (एक) से दोहराए गए ऑर्डर के रूप में चार 70टी बोलार्ड पुल टग के और ऑर्डर भी मिले हैं।
नॉर्वे को सप्लाई किए पोत की लंबाई 89.43 मीटर, चौड़ाई 13.2 मीटर और ड्राफ्ट 4.2 मीटर है। कोनोशिप इंटरनेशनल, नीदरलैंड द्वारा डिजाइन किए इस पोत यूरोप के तटीय जल में सामान्य कार्गो परिवहन के लिए पर्यावरण के अनुकूल डीजल इलेक्ट्रिक पोत के रूप में निर्मित किया गया है। सीएसएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मधु नायर ने कहा कि कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड और इसकी सहायक कंपनी उडुपी कोचीन शिपयार्ड दोनों ही पश्चिमी यूरोपीय बाजार के लिए उच्च गुणवत्ता वाले जहाजों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उडुपी-कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड को पहले टेबमा शिपयार्ड्स लिमिटेड के नाम से जाना जाता था। इसे साल 2020 में दिवालिया प्रक्रिया के तहत एनसीएलटी के जरिये कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने अपने अधीन किया था। छोटी अवधि में इस यार्ड को लाभ कमाने वाले यार्ड में बदल दिया गया। आज उडुपी-सीएसएल के पास 1,500 करोड़ रुपए से ज्यादा के ऑर्डर हैं और यह सीएसएल की प्रमुख सहायक कंपनी है।


