जामताड़ा : जिले के नारायणपुर प्रखंड के बराकर नदी किनारे स्थित दुखिया महादेव मंदिर परिसर में मकर संक्रांति से प्रारंभ होने वाले 15 दिवसीय करमदाहा मेला के लिए सत्र 2024-25 की बंदोबस्ती की प्रक्रिया गुरुवार को जिला परिषद कार्यालय में संपन्न हुई। उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार की उपस्थिति में यह डाक 59 लाख 1000 रुपये में नीलाम हुई। इस नीलामी में कुल तीन आवेदनकर्ता थे – इलियास अंसारी, फिरोज अंसारी और ताजकिर अंसारी। चंदाडीह लखनपुर गांव के इलियास अंसारी ने सबसे अधिक 59 लाख की बोली लगाकर इस महत्वपूर्ण मेले की डाक अपने नाम की। डीडीसी ने बताया कि मेला डाक की यह अब तक की सबसे बड़ी राशि है। इलियास अंसारी ने मेले की डाक प्राप्त करने के बाद जिला प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की, क्योंकि इस बार बड़ी राशि में डाक हुआ है, और मेले में अधिक संख्या में लोग आ सकते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मेला की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे और प्रशासन पूरी सजगता के साथ सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। करमदाहा मेला 15 जनवरी से प्रारंभ होगा और यह 15 दिन तक चलेगा। मेला में झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल, ओडिशा और अन्य राज्यों के दुकानदार भी अपनी दुकानें लगाते हैं, जिससे यह मेला राज्यभर में एक महत्वपूर्ण आयोजन बन चुका है। मौके इकबाल हुसैन शमशेर आलम मुख्तार आलम आरिफ हुसैन, असीदुल, आफताब, जाहिद हुसैन, मिनहाज अंसारी, लालो अंसारी सहित अन्य मेला कमेटी के लोग मौजूद थे।


