रांची । झारखंड पुलिस की महिला दारोगा मीरा सिंह की नाजायज कमाई के सिंडिकेट में उसका पति प्रीतम सिंह भी शामिल था। मीरा सिंह अपनी नाजायज कमाई को छिपाने के लिए पति को कागजी तौर पर सब्जी का थोक विक्रेता दिखाया करती थी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में यह खुलाशा हुआ है।
प्रवर्तन निदेशालय के अनुसाक महिला दारोगा मीरा सिंह अपनी नाजायज कमाई का इस्तेमाल घरेलू खर्चे के लिए किया करती थी।
साथ ही अपनी नाजायज कमाई को अपने पति की जायज कमाई साबित करने के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का सहारा लेती थी। प्रवर्तन निदेशालय की ओर से पीएमएलए के तहत दायर आरोप पत्र (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेन) में इन तथ्यों का खुलासा किया गया है।
ईडी की ओर से दायर आरोप पत्र में कहा गया है कि एसीबी की ओर से मीरा सिंह को घूस लेते रंगे हाथ गिरफ़्तार करने के सिलसिले में दर्ज प्राथमिकी को इसीआइआर के रूप में दर्ज कर मामले की जांच की गयी। जांच के दौरान ईडी ने मीरा सिंह और जमीन कारोबारी लाल मोहित राय नाथ शाहदेव के ठिकानों पर छापा मारा गया था। छापेमारी के दौरान शाहदेव के ठिकाने से 12 लाख रुपये नकद जब्त किये गये थे। जांच के दौरान पाया गया कि मीरा सिंह ने यह रकम शाहदेव को अपने पति प्रीतम सिंह के नाम पर जमीन खरीदने के लिए दी थी। हालांकि मीरा सिंह ने इससे संबंधित जानकारी राज्य सरकार को नहीं दी थी। नियमानुसार, मीरा सिंह के पति के नाम पर जमीन खरीदने के लिए शाहदेव को दी गयी रकम की जानकारी सरकार को देनी चाहिए थी। मीरा सिंह मनी लॉन्ड्रिंग के सहारे अपनी नाजायज कमाई को अपने पति की जायज कमाई दिखाने की कोशिश करती थी।
मीरा सिंह अपनी नाजायज कमाई का इस्तेमाल घरेलू खर्चे के लिए किया करती थी। यानी दाल,चावल,दूध,घी सहित घरेलू खर्चे की दूसरी चीजें नाजायज कमाई से मिले पैसों से की जाती थी। ईडी ने मामले की जांच के दौरान पाया कि इस महिला दारोगा के पति ने कभी वास्तविक तौर पर गाजर, मूली, खीरा, गोभी, भिंडी सहित अन्य सब्जियां ना तो खरीदी और ना ही कभी बेची।

—————————————————————————————————————-
ED ने पुलिस उपनिरीक्षक मीरा सिंह को बनाया मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपित
रांची । झारखंड पुलिस की महिला उपनिरीक्षक (दरोगा) मीरा सिंह की मुश्किलें दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। तुपुदाना ओपी की पूर्व प्रभारी मीरा सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोपित बनाते हुए (कांड संख्या ईसीआइआर 8/2025 में पीसी (अभियोजन शिकायत) दाखिल की है।
अदालत ने फिलहाल ईडी की पीसी पर संज्ञान नहीं लिया है। लेकिन रांची पीएमएलए (प्रीवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष अदालत ने ने ईडी की पीसी पर संज्ञान लेने के लिए 17 सितंबर की तारीख मुकर्रर की है। दारोगा मीरा सिंह के ठिकाने पर ईडी ने पिछले वर्ष मार्च महीने में छापेमारी की थी। इस छापेमारी में उनके ठिकाने से 12.50 लाख रुपये नकद मिले थे।
ईडी की पूछताछ में उन्होंने रुपयों के स्रोत के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया था। ईडी ने छापेमारी के दौरान आठ मोबाइल फोन भी बरामद किया था। मीरा सिंह खूंटी में पदस्थापन के दौरान पहली बार विवादों में आई थीं और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने उन्हें दस हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था।
ईडी ने एसीबी की ओर से दर्ज किए गए केस को ही टेकओवर किया है। मीरा सिंह पहली पुलिस अधिकारी हैं, जिन्हें ईडी ने किसी केस में आरोपित बनाया है। हालांकि एसीबी के ट्रैप केस में मीरा सिंह फिलहाल जमानत पर हैं।



