चमोली । उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम से शुक्रवार को लौट रहे एक हेलीकॉप्टर के लापता होने की खबर है। इससे प्रशासन में हड़कंप मच गया। हेलीकॉप्टर की लोकेशन बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच नहीं मिल पा रही है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार हेलीकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने की सूचना प्रशासन को प्राप्त हुई है। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। प्रशासन और संबंधित हेलीकॉप्टर कंपनी की टीमें हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने में जुटी हैं।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पोस्ट में कहा कि जोशीमठ के चाई गांव के निकट हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, एसडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं स्वयं भी पूरे घटनाक्रम की निरंतर निगरानी कर रहा हूं। गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर से यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूं।” प्रारंभिक सूचना में हेलीकॉप्टर में यात्रियों और पायलट सहित कुल छह लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। हालांकि, यात्रियों की संख्या को लेकर अलग-अलग जानकारी मिल रही है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की स्थिति और उसमें सवार लोगों की कुशलता के संबंध में आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।


