अपराधियों ने नगदी और जेवरात लेकर फरार
देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में शुक्रवार की अहले सुबह 81 वर्षीय वृद्ध महिला कमली देवी की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के समय वृद्ध महिला घर में अकेली थी। मृतक के पौत्र बीरबल कुमार ने बताया कि गुरुवार रात घर के सभी सदस्य दूसरे नए मकान में सोने चले गए थे। सुबह जब वृद्ध महिला पुराने घर पहुंची, तो मुख्य दरवाजा में रस्सी बंधी हुई पाई गई। अनहोनी की आशंका होने पर उन्होंने पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश किया। कमरे में रखा बक्सा खुला हुआ और सामान बिखरा हुआ देखा गया।
परिवार के अन्य सदस्य घर में रखे सामान की खोजबीन करने लगे। इसी क्रम में वृद्ध महिला को नीचे खून से लथपथ पड़ा पाया गया। उनके कान और आंख में चोट के निशान थे। आनन-फानन में वृद्धा को ऑटो से देवघर सदर अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों ने उनकी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वृद्ध महिला ने अपराधियों का विरोध किया। घर में रखे कांसा और पीतल के बर्तन तथा बक्से में रखे सोना और चांदी को लूटने के दौरान वृद्ध महिला ने विरोध किया होगा। अपराधियों ने वृद्ध महिला के कान और गले पर कई बार चाकू से वार कर हत्या की। लूटी गई जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत लगभग तीन से चार लाख रुपये आंकी गई है। घटना की जानकारी ग्रामीणों ने बंका पंचायत के मुखिया रंजीत प्रधान को दी। मुखिया ने तुरंत रिखिया थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही एएसआइ हेमलाल मरांडी और रविंद्र सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जांच हर बिंदु पर हो रही है और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।




