करीब नौ घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज जाम हटवाया
सूबे के मुख्यमंत्री से पुरे परिवार को मिलवाकर उचित मुआवजे के लिए करेंगे अनुरोध: प्रदीप यादव
दुमका ब्यूरो
हँसडीहा । दुमका स्टेट हाईवे पर हँसडीहा थाना क्षेत्र कुरमाहाट रेलवे हॉल्ट के समीप रविवार की अहले सुबह तेज रफ़्तार हाईवा ट्रक ने मॉर्निंग वॉक पर निकली तीन युवतियों को कुचल दिया। हादसे में दो युवतियों की मौक़े पर मौत हो गई। मृत युवतियों की पहचान इसी थाना क्षेत्र के महेशखंधा गाँव निवासी प्रियंका कुमारी पति संदीप दास(28) और सोनी देवी(23) पत्नी रमेश दास के रूप में हुई है। दोनों मृतका एक ही परिवार की है। जबकि इस हादसे में पूजा कुमारी(18) पिता एकनाथ दास ग्राम भगवानपुर गंभीर रूप से घायल है। पूजा को पुलिस ने एम्बुलेंस से दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचवाया जहाँ उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। घटना के विषय में मिली रविवार की सुबह तीनों युवतियाँ मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। गाँव से निकलकर तीनों टहलते हुए हाईवे पर रेलवे हॉल्ट के समीप पहुँची थी इसी दौरान हँसडीहा के तरफ से आ रही एक तेज़ हाईवा ने सड़क किनारे चल रही तीनों युवतियों को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन इतनी तेज़ रफ़्तार में थी की घटना के बाद हाईवा पेड़ से जा टकराई और वाहन के केबिन के परखच्चे उड़ गये। हालांकि इस दौरान हाईवा चालक घायलवस्था में मौक़े से फरार हो गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल में हाईवे को जाम कर दिया। जाम की वहज से हाईवे पर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की लम्बी कतार लग गई। आक्रोषित लोग मृतिका के परिजनों को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहें थे और जाम हटाने को तैयार नहीं थे। जिसके बाद एसडीपीओ संतोष कुमार, बीडीओ महेश्वरी यादव, सर्कल इंस्पेक्टर बिशुनदेव पासवान, थाना प्रभारी प्रकाश सिंह, सरैयाहाट थाना प्रभारी ताराचंद, जामा प्रभारी जीतेन्द्र कुमार व मुखिया रामचंद्र हेमब्रम ने आक्रोषित लोगों को समझाया और करीब नौ घंटे की कड़ी मसक्कत के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज जाम को हटवाया।
—————————————–
क्या है मामला
मृतक युवतियाँ झारखण्ड पुलिस की तैयारी कर रही थी। इसके लिए सभी रोजाना सुबह मॉर्निंग वॉक के जरिये दौड़ की प्रेक्टिस करती थी। रविवार की सुबह तीनों जब घर से निकली तो गाँव से दौड़ते हुए कुरमाहाट बजरंगबली मंदिर तक पहुँची और वहां से पैदल रेलवे हॉल्ट की तरफ गई। युवतियों के परिजनों ने बताया की झारखण्ड पुलिस के लिए सभी पूरी मेहनत कर रही थी। इसके लिए सभी फिटनेस पर ध्यान दे रही थी। रोजाना सुबह दौड़ उनलोगों की दिनचर्या का हिस्सा था।
———————————-
प्रत्यक्षदर्शी ने क्या कहा
प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार हाईवा करीब 70-80 किलोमीटर के रफ़्तार से चल रही थी। वाहन की गति का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है, हाईवा तीनों युवतियों को अपनी चपेट में लेने के बाद सड़क किनारे दो मोटे मोटे पेड़ों को उखाड़ते हुए तीसरे पेड़ से टकरा गई। जहाँ हाईवा के परखच्चे उड़ गये। गनीमत रही की इस हादसे में हाईवा चालक को कुछ नहीं हुआ।
————————————–
मॉर्निंग वॉक में निकली थी प्रियंका
मृतक प्रियंका अपने पति और बच्चों के साथ दुमका के रसिकपुर स्थित अपने आवास में रहती थी। लेकिन नियति ने उसे गाँव खींच लाया। प्रियंका के पति को शुक्रवार को सीजीएल का एग्जाम देने गिरिडीह जाना था। इसके लिए वह शुक्रवार को ही बच्चों को लेकर महेशखंधा आई थी। प्रियंका अपने पीछे एक छह साल की बेटी और एक तीन साल का बेटा को छोड़ गई। घटनास्थल पर जब प्रियंका बेटे को लाया गया था तो उस मासूम को यह तक मालूम न हुआ की अब उसकी माँ जिसके गोद में वो खिलखिलाता थी उसे अब कभी नसीब न हो पायेगा।
————————————–
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी मृतका सोनी
मृतिका सोनी की शादी दो वर्ष पूर्व ही महेशखंधा गाँव निवासी रमेश दास से हुई थी। शादी के बाद उसने पहले नौकरी फिर परिवार बढ़ाने का निर्णय लिया था। शादी के बाद वे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने लगी। जबकि गंभीर रूप से घायल पूजा अभी पढ़ाई कर रही है।
————————————–
क्या कहते हैं स्थानीय विधायक प्रदीप यादव
घटना के बाद स्थानीय विधायक प्रदीप यादव घटनास्थल पर पहुँच पीड़ित के परिजनों से मील मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया की घटना ह्रदय विदारक है। ऐसी घटना की पुनरावृति न हो ईश्वर से यही कामना है। यहाँ के एक एक लोगों से पारिवारिक लगाव है। घटना को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री से पुरे परिवार को मिलवाकर उचित मुआवजे के लिए अनुरोध करूँगा। जिला प्रशासन को भी निर्देशित किया गया है की पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद करें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


