स्ट्रक्चर टूटने की आशंका, प्रधानमंत्री ने घटना पर दुख जताया
कोलकाता । पश्चिम बंगाल के कोलकाता में चोरबागान के दुर्गा पंडाल में शनिवार रात भगदड़ मच गई। हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले 17 लोगों में 3 पुरुष, एक बच्चा और 13 महिलाएं शामिल हैं।
हालांकि कोलकाता मेडिकल कॉलेज के सूत्रों के मुताबिक, हादसे में 20 लोगों की मौत होने की आशंका है।
हादसे में 40 से ज्यादा लोग घायल हैं। बंगाल सरकार ने एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18003455678 शुरू किया है।आशंका है कि घायलों की संख्या और बढ़ सकती है। चश्मदीद के मुताबिक दुर्गा पंडाल का एक हिस्सा ढहने की वजह से भगदड़ मची है।
बारिश के बीच पंडाल में भारी भीड़ जमा होने के कारण यह घटना हुई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख जताते हुए संवेदना व्यक्त की है।
चोरबागान हादसे पर ममता बनर्जी ने चिंता जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा, चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति में लोगों के कुचले जाने की घटना के बारे में जानकर मुझे गहरा दुख हुआ है। मैं मां दुर्गा से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल जल्द स्वस्थ हों। इस मुश्किल समय में घायलों के परिवारों को हिम्मत और ताकत देने की प्रार्थना भी करती हूं।
इस पूजा से देवदीप अधिकारी भी जुड़े हुए हैं। वह मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भतीजे हैं। जोड़ासांको से भाजपा विधायक विजय ओझा इस पूजा समिति के अध्यक्ष हैं। उत्तर कोलकाता जिला भाजपा अध्यक्ष तमोघ्न घोष भी इस आयोजन से जुड़े हैं।
मुख्यमंत्री अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों को थाने बुलाने का निर्देश दिया है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज में 40 से 50 लोगों को लाया गया है। कोलकाता पुलिस कमिश्नर अजय नंद भी अस्पताल पहुंच गए हैं।


