देवघर: भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत सोमवार को देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान जैप-1 के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
इस अवसर पर झारखंड हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद और न्यायमूर्ति रोंगोन मुखोपाध्याय, प्रधान जिला न्यायाधीश केके झा, झालसा की सदस्य सचिव कुमारी रंजन अस्थाना, संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल और डीआईजी अंबर लकड़ा उपस्थित रहे।
इसके अलावा उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीणा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने भी मुख्य न्यायाधीश का स्वागत किया।
——————————————————————-
मुख्य न्यायाधीश के काफिले के लिए बदलेगा देवघर का ट्रैफिक, 6 घंटे तक भारी वाहनों की नो-एंट्री
देवघर: भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के प्रस्तावित देवघर दौरे को लेकर सोमवार को शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक वीआईपी रूट पर भारी वाहनों और व्यावसायिक बसों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। इस दौरान शहर में छोटे वाहनों की आवाजाही सुगम रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। भागलपुर और हंसडीहा की ओर से आने वाले वाहनों को चौपामोड़ से हिण्डोलावरण, तीरनगर और सारवां के रास्ते भेजा जाएगा। सुल्तानगंज से आने वाले भारी वाहन कनमटिया मोड़, रिखिया और मोहनपुर होकर जाएंगे। वहीं, रांची और गिरिडीह से आने वाले भारी वाहनों का प्रहलाद चौक से शहर में प्रवेश बंद रहेगा। इसके अलावा उजाला चौक, रोहिणी शहीद द्वार, कोरियासा मोड़, कर्णकोल मोड़, एयरपोर्ट मोड़ और जटाही मोड़ पर भी भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। मधुपुर से आने वाले भारी वाहन एयरपोर्ट मोड़ से आगे नहीं जा सकेंगे। प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।


