गोड्डा : हेमंत कैबिनेट में गोड्डा जिला के दो विधानसभा क्षेत्र गोड्डा एवं महागामा के विधायक को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने को लेकर महागठबंधन कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। इसी क्रम में गोड्डा विधायक संजय प्रसाद यादव एवं महागामा विधायक दीपिका पांडे सिंह के मंत्री पद के शपथ लेने के बाद ही जिला मुख्यालय कारगिल चौक एवं महागामा के बसवा चौक पर कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। जिला मुख्यालय के कारगिल चौक पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में जश्न मनाया गया। जहां कार्यकर्ताओं ने जमकर अबीर गुलाल खेले, वही जमकर आतिशबाजी की। मौके पर जिला अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि यह जिला के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जहां दो-दो विधानसभा के मंत्री राज्य के सरकार में शामिल हुए हैं। इससे विकास की गति काफी तेजी से आगे बढ़ेगा और अब तक पिछड़े क्षेत्रों में सुमार रहे जिला तथा गोड्डा एवं महागामा विधानसभा क्षेत्र तेजी से प्रगति करेगा। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस आलाकमान को बधाई दी है। वही उन्होंने हेमंत सोरेन को भी बधाई दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी का सारे रास्ते इस क्षेत्र से बंद हो जाएंगे। उन्होंने दोनों विधायक को भी बधाई दी है। इधर प्रखंड के बसुआ चौक पर गुरुवार को महागठबंधन के कार्यकर्ताओं ने विधायक दीपिका पांडेय सिंह के मंत्री पद की शपथ लेने के बाद जोश और उत्साह के साथ जश्न मनाया। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों पर नृत्य किया और खुशी में झूमते नजर आए। पूरे माहौल में उत्सव का रंग छा गया।



