विभिन्न परीक्षाओं के 63 छात्रों को महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति देंगे स्वर्ण पदक और डिग्री
विशिष्ट अतिथि सेंट्रल यूनिवर्सिटी रांची के कुलपति डॉ क्षिति भूषण दास 76 पीएचडी शोधार्थियों को देंगे डिग्री
दीक्षांत समारोह के लिए ड्रेस कोड निर्धारित
एस.के. झा. ‘सुमन’
दुमका : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मंगलवार को सिदो कानू मुर्मू विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए सोमवार को देवघर एयरपोर्ट से बाय रोड दुमका के लिए प्रस्थान किए। इसी बीच बासुकिनाथधाम में राज्यपाल ने बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना की उसके उपरांत सड़क मार्ग से दुमका पहुंचे। राज्यपाल रात्रि विश्राम राजभवन दुमका में करेंगे। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार आज मंगलवार को सिदो कानू मुर्मू विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
————————————————————————————————————————————————————————————————————————————
कुलपति ने आठवें दीक्षांत समारोह की तैयारी पूरी
इसके पूर्व सिदो कानू मुर्मू यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर विमल कुमार सिंह ने कन्वेंशन सेंटर दुमका में एक प्रेस वार्ता कर मंगलवार की तैयारी का जानकारी दी। कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर शैक्षणिक जुलूस का ड्रेस रिहर्सल किया गया तथा लोटा-पानी के पारंपरिक स्वागत का भी अभ्यास किया गया।
उन्होंने कहा कि आठवें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार करेंगे और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केंद्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर क्षिति भूषण दास होंगे। आने वाले अतिथि से लेकर मीडिया कर्मियों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था किया गया है। अलग-अलग कार्यक्रम को लेकर सभी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
————————————————————————————————————————————————————————————————————————————
दीक्षांत समारोह में 139 छात्रों को डिग्री व मेडल
दीक्षांत समारोह में कुल 139 छात्र-छात्राओं को डिग्री व मेडल प्रदान किए जाएंगे। इस समारोह में विभिन्न परीक्षाओं के कुल 63 छात्र-छात्राओं को महामहिम राज्यपाल सह कुलाधिपति द्वारा स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे तथा विशिष्ट अतिथि डॉ क्षिति भूषण दास द्वारा 76 पीएचडी शोधार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। कल सोमवार को कार्यक्रम स्थल पर स्वर्ण पदक व पीएचडी डिग्री प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूर्ण किया गया जिसमें स्वर्ण पदक प्राप्त सूची के 52 छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया जबकि कुल 61 पीएचडी शोधार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। रजिस्ट्रेशन कराने वाले छात्र-छात्राओं को आज के दीक्षांत समारोह में डिग्री या मेडल प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीक्षांत समारोह में भाग लेने वाले सभी छात्र-छात्राओं व पीएचडी शोधार्थियों के लिए सीटें आवंटित कर दी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होगा तथा 12 बजे तक चलेगा।
————————————————————————————————————————————————————————————————————————————
कुलपति ने अपने कार्यकाल की बताई उपलब्धि
कुलपति प्रो बिमल प्रसाद सिंह ने पिछले एक वर्ष में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया और कहा कि मेरे कार्यकाल में पिछले जून माह से अब तक कुल 109 परीक्षाएं आयोजित की गई हैं, जिसमें 10 यूजी, 7 पीजी तथा 92 वोकेशनल कोर्स की परीक्षाएं शामिल हैं। उक्त परीक्षाओं में कुल 256717 छात्र-छात्राएं शामिल हुए हैं, जिसमें से 214510 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस दीक्षांत समारोह में 20 परीक्षाओं के कुल 20837 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं।
————————————————————————————————————————————————————————————————————————————
दीक्षांत समारोह के लिए ड्रेस कोड निर्धारित
छात्रों के लिए सफेद कुर्ता पजामा और छात्राओं के लिए सफेद सलवार सूट और लाल दुपट्टा या लाल पाल सफेद साड़ी एवं लाल ब्लाउज ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। बिना ड्रेस कोड के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। आयोजन स्थल पर ही दीक्षांत समारोह कार्यक्रम के चयनित छात्रों को निश्चित सीट नंबर, दीक्षांत पट्टा और परिचय पत्र दिया जाएगा।
————————————————————————————————————————————————————————————————————————————
प्रेस वार्ता में कौन-कौन रहे शामिल
प्रेस वार्ता में एसकेएमयू के कुलपति प्रोफेसर डॉ विमल प्रसाद सिंह, कुलसचिव डॉक्टर राजीव कुमार, विश्वविद्यालय के एग्जामिनेशन कंट्रोलर जय कुमार साह, विश्वविद्यालय के पब्लिक इनफॉरमेशन ऑफीसर डॉक्टर अजय सिन्हा, ओएसडी एग्जाम डॉक्टर इंद्रनील मंडल, ओएसडी पीएचडी डॉक्टर इंद्रजीत कुमार एवं विश्वविद्यालय के जनसंपर्क पदाधिकारी दीपक कुमार दास शामिल रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


