रांची । जम्मू-कश्मीर के लद्दाख (सियाचिन) में देश की सेवा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए देवघर जिला के मधुपुर प्रखंड स्थित कजरा गांव निवासी अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी को पूरे सम्मान के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई।शहीद का पार्थिव शरीर बुधवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची लाया गया। यहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सपूत को नमन किया। इस दौरान उपस्थित जनसमूह की आंखें नम थीं, लेकिन हर कोई शहादत पर गर्व महसूस कर रहा था।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईश्वर से वीर शहीद की आत्मा की शांति की कामना की और शोक संतप्त परिवार को इस दु:ख की घड़ी सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि झारखंड का यह वीर बेटा पूरे देश को गौरवान्वित कर गया है।ज्ञातव्य है कि अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी देवघर जिले के मधुपुर प्रखंड अंतर्गत कजरा गांव के निवासी थे। वे सियाचिन में तैनाती के दौरान कर्तव्य निभाते हुए वीरगति को प्राप्त हुए।शहीद के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।




