रांची । पाकुड़ में पैनम कोल माइंस के अवैध खनन करने पर राज्य सरकार कंपनी के खिलाफ रिकवरी की कार्रवाई कर रही है। सरकार की ओर से शुक्रवार को हाईकोर्ट को यह जानकारी दी गई। इसका प्रार्थी की ओर से विरोध किया गया। प्रार्थी की ओर से अदालत को बताया गया कि कोर्ट ने गड़बड़ी करने वालों पर कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी थी, लेकिन सरकार रिकवरी करने की बात कह रही है, यह उचित नहीं है। इस पर चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान और जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद की अदालत ने प्रार्थी को सरकार के जवाब पर अपना प्रत्युत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया।मामले की अगली सुनवाई दस अक्टूबर को होगी। इस संबंध में रामसुभग सिंह ने जनहित याचिका दायर की है। याचिका में कहा गया है कि पाकुड़ जिले के पचवारा नॉर्थ और सेंट्रल कोल माइंस में निर्धारित लक्ष्य से अधिक का खनन पैनम कंपनी ने किया है। खनन में की गयी गड़बड़ी के खिलाफ वर्ष 2015 में जनहित याचिका दायर की गयी थी। इस मामले में राज्य सरकार की ओर से बताया गया था कि कंपनी ने गड़बड़ी की है और अब कंपनी चली गयी है।अदालत को बताया गया कि कंपनी की ओर से की गयी गड़बड़ी की बात सरकार ने स्वीकार की, लेकिन सरकार ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, जो गलत है। वर्ष 2017 में तत्कालीन खनन सचिव सुनील कुमार वर्णवाल ने शपथत्र दाखिल कर बताया था कि कंपनी ने गड़बड़ी की है और अवैध माइनिंग से विस्थापित हुए लोगों के लिए कंपनी ने कुछ नहीं किया है। पैनम कंपनी पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन और इंप्टा कोल माइंस की ज्वाइंट वेंचर कंपनी थी।




