जामताड़ा : पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक डॉक्टर एहतेशाम वकारिब को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों में ताहिर अंसारी और मुजाहिद अंसारी शामिल हैं। पुलिस निरीक्षक बिहारी मरांडी के नेतृत्व में गठित टीम ने कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के नवाडीह और सुंदरजोरी गांव से इन दोनों अपराधियों को पकड़ा है। इस घटना का खुलासा करते हुए जामताड़ा के प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 1/25 दर्ज कर विभिन्न धाराओं में जेल भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 28 सिम कार्ड और एक लैपटॉप भी बरामद किया गया है। ये अपराधी पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उड़ीसा के लोगों को टारगेट करते थे। आरोपियों द्वारा गूगल पर ई-कॉमर्स कंपनियों का कस्टमर केयर बनकर कॉल की जाती थी और मोबाइल स्क्रीन शेयरिंग एप्स जैसे एनी डेस्क और क्विक सपोर्ट के जरिए लोगों से ठगी करते थे।


