नई दिल्ली । भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 1 अक्टूबर 2025 से टिकट खुलने के बाद पहले 15 मिनट तक केवल वही यात्री आईआरसीटीसी वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर टिकट बुक कर सकेंगे जिनका आधार वेरिफिकेशन पूरा हो चुका है। रेलवे का यह फैसला ई-टिकटिंग में फर्जीवाड़ा रोकने और आम यात्रियों को प्राथमिकता देने के लिए लिया गया है।
अक्सर देखा गया है कि टिकट खुलते ही एजेंट्स या बॉट्स के ज़रिए सीटें बुक हो जाती हैं, जिससे आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाता। अब आधार लिंकिंग के चलते वास्तविक यात्रियों को पहले मौका मिलेगा। इस नए नियम के साथ ही, पहले की तरह रेलवे के अधिकृत एजेंट्स पहले 10 मिनट तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे, जिससे आम यात्रियों को और अधिक प्राथमिकता मिलेगी। रेलवे ने इस बदलाव को लागू करने के लिए सीआरआईएस और आईआरसीटीसी को तकनीकी निर्देश जारी कर दिए हैं। साथ ही यात्रियों को जागरूक करने के लिए बड़े स्तर पर प्रचार अभियान चलाया जाएगा।


